कीर्ति सुरेश: साउथ सिनेमा की चमकती सितारा और फैशन आइकन
कीर्ति सुरेश का अद्वितीय सफर
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर। साउथ फिल्म इंडस्ट्री में कई ऐसी अभिनेत्रियां हैं, जिन्होंने अपनी खूबसूरती और अदाकारी से दर्शकों का दिल जीत लिया है। इनमें से एक प्रमुख नाम है कीर्ति सुरेश का। अपनी मासूमियत, आकर्षक व्यक्तित्व और बेहतरीन अभिनय के लिए जानी जाने वाली कीर्ति अब किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। उन्होंने तमिल, तेलुगु और मलयालम सिनेमा में अपने अभिनय का जादू बिखेरा है। फिल्म 'महानती' में सावित्री का किरदार निभाकर उन्होंने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी, जिससे उनके अभिनय की चर्चा हर जगह होने लगी।
कीर्ति सुरेश का जन्म 17 अक्टूबर 1992 को मद्रास (अब चेन्नई) में हुआ। उनके पिता जी. सुरेश कुमार मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के प्रसिद्ध निर्माता हैं, जबकि उनकी मां मेनका एक जानी-मानी अभिनेत्री रह चुकी हैं। इस पृष्ठभूमि के कारण कीर्ति को बचपन से ही फिल्म और अभिनय की दुनिया का अनुभव मिला।
कीर्ति ने बहुत कम उम्र में अभिनय में कदम रखा। उन्होंने 2000 में रिलीज हुई मलयालम फिल्म 'पायलट्स' में चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में काम किया। इसके बाद भी उन्होंने कुछ फिल्मों में बाल कलाकार के रूप में काम किया, लेकिन बाद में पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने के लिए थोड़े समय के लिए अभिनय से ब्रेक लिया।
फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद, कीर्ति ने फिर से फिल्म इंडस्ट्री में वापसी की। 2013 में आई मलयालम फिल्म 'गीतांजलि' से उन्होंने लीड एक्ट्रेस के रूप में अपने करियर की शुरुआत की, जिसमें उनके अभिनय को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। इसके बाद, उन्होंने दक्षिण भारतीय सिनेमा की प्रमुख अभिनेत्रियों में अपनी जगह बना ली।
कीर्ति सुरेश के करियर की सबसे महत्वपूर्ण फिल्म 'महानती' है, जो 2018 में रिलीज हुई थी। यह फिल्म दिग्गज अभिनेत्री सावित्री की जिंदगी पर आधारित थी। सावित्री का किरदार निभाना कीर्ति के लिए एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन उन्होंने इसे बखूबी निभाया। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला, जिसने उनके करियर को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया।
इसके बाद, कीर्ति ने तमिल और तेलुगु फिल्मों में कई यादगार भूमिकाएं निभाईं, जैसे 'सरकार', 'इडु एन्ना मायम' और 'रेमो', जिन्होंने उनके करियर को और मजबूत किया।
कीर्ति सुरेश न केवल अपनी फिल्मों के लिए, बल्कि अपने फैशन सेंस के लिए भी जानी जाती हैं। पारंपरिक साड़ी से लेकर वेस्टर्न आउटफिट तक, वह हर लुक में अपने प्रशंसकों का ध्यान आकर्षित करती हैं। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें और स्टाइल को भी खूब सराहा जाता है। आज कीर्ति सुरेश उन अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने क्षेत्रीय सिनेमा से निकलकर पूरे देश में अपनी पहचान बनाई है।
.png)