Movie prime

कीर्ति कुल्हारी के साथ साइबर धोखाधड़ी: 2.43 लाख रुपये का हुआ फ्रॉड!

बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी के साथ एक गंभीर साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें अज्ञात अपराधियों ने उनके क्रेडिट कार्ड का अनधिकृत उपयोग कर 2.43 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। यह घटना तब हुई जब वह सिनेपोलिस थिएटर में थीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल आरोपियों की तलाश में जुटी है। जानें इस मामले की पूरी जानकारी और कीर्ति कुल्हारी के बारे में।
 

बॉलीवुड अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी का साइबर धोखाधड़ी का मामला


मुंबई, 29 जुलाई। बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री और निर्माता कीर्ति कुल्हारी (43) के साथ एक गंभीर साइबर धोखाधड़ी की घटना हुई है। अज्ञात अपराधियों ने उनके मोबाइल और क्रेडिट कार्ड का अनधिकृत उपयोग कर केवल कुछ मिनटों में 2,43,852 रुपये की धोखाधड़ी की। अभिनेत्री की शिकायत के आधार पर अंबोली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।


एफआईआर के अनुसार, कीर्ति कुल्हारी वर्सोवा में निवास करती हैं और अपने परिवार का भरण-पोषण अभिनय और फिल्म निर्माण के माध्यम से करती हैं। यह घटना रात करीब 9:31 बजे हुई, जब वह अंधेरी पश्चिम में फन रिपब्लिक मॉल के पास स्थित सिनेपोलिस थिएटर में थीं। इस दौरान उन्हें अपने मोबाइल पर बैंक के क्रेडिट कार्ड से एयरोमेक्सिको एयरलाइन पर 2,525 अमेरिकी डॉलर खर्च होने का अलर्ट मिला।


अभिनेत्री ने तुरंत बैंक के टोल-फ्री हेल्पलाइन पर संपर्क किया। बैंक अधिकारियों ने जांच के बाद बताया कि उनके क्रेडिट कार्ड से बिना अनुमति के चार बड़े लेनदेन किए गए हैं, जिसके बाद सुरक्षा के लिए कार्ड को तुरंत ब्लॉक कर दिया गया।


कीर्ति ने पुलिस को बताया कि उनका क्रेडिट कार्ड पासवर्ड पूरी तरह से गोपनीय था और उन्होंने इसे किसी के साथ साझा नहीं किया। ऐसा लगता है कि किसी डिजिटल मालवेयर या स्पाईवेयर के माध्यम से उनका फोन और कार्ड हैक किया गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए अंबोली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। साइबर सेल की टीम बैंक रेफरेंस नंबरों और डिजिटल फुटप्रिंट्स के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। उल्लेखनीय है कि कीर्ति कुल्हारी ने 'पिंक', 'उरी द सर्जिकल स्ट्राइक', 'इंदु सरकार', 'मिशन मंगल' और 'क्रिमिनल जस्टिस' जैसी सफल फिल्मों में बेहतरीन अभिनय किया है।


OTT