करण टैकर ने ठगी के मामले में दी चेतावनी, फैंस से की सतर्क रहने की अपील!
करण टैकर की ठगी के खिलाफ चेतावनी
मुंबई, 6 जुलाई। छोटे पर्दे से लेकर डिजिटल दुनिया में अपनी पहचान बना चुके अभिनेता करण टैकर ने हाल ही में एक ठगी के मामले के बारे में लोगों को सतर्क किया है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग उनके नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं। ये लोग खुद को उनका मैनेजर बताकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और ठगी करने का प्रयास कर रहे हैं। करण ने ऐसे संदिग्ध संपर्कों की तुरंत रिपोर्ट करने की अपील की है।
अपने इंस्टाग्राम पर करण ने लिखा, "नमस्ते, नीचे दिए गए नंबरों का उपयोग करने वाला व्यक्ति खुद को मेरा मैनेजर बताकर धोखाधड़ी करने की कोशिश कर रहा है। यदि ये लोग आपसे संपर्क करें, तो उन्हें तुरंत ब्लॉक करें और उनकी शिकायत करें। धन्यवाद।"
करण ने उन मोबाइल नंबरों की जानकारी भी साझा की, जिनका उपयोग कथित तौर पर ठगी के लिए किया जा रहा है।
इस चेतावनी के बाद, उनके प्रशंसकों ने भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। हाल के दिनों में कई कलाकारों के नाम का दुरुपयोग कर लोगों से पैसे वसूलने के मामले सामने आए हैं।
करण टैकर की बात करें तो उन्हें टीवी शो 'एक हजारों में मेरी बहना है' से पहचान मिली, जिसने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया।
इसके बाद, उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी अपनी पहचान बनाई। चर्चित जासूसी सीरीज 'स्पेशल ऑप्स' में उन्होंने एक गुप्त खुफिया अधिकारी का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने बहुत पसंद किया।
इसके बाद, वह 'स्पेशल ऑप्स 1.5: द हिम्मत स्टोरी' में भी उसी किरदार में नजर आए। 2022 में, उन्होंने 'खाकी: द बिहार चैप्टर' में आईपीएस अधिकारी अमित लोढ़ा का किरदार निभाकर प्रशंसा बटोरी। हाल ही में, करण टैकर रहस्य और रोमांच से भरपूर सीरीज 'भय: द गौरव तिवारी मिस्ट्री' में दिखाई दिए।
.png)