कंवर ढिल्लों ने पिता की सीखों को साझा किया, फादर्स डे पर दिया खास संदेश
कंवर ढिल्लों का पिता के प्रति सम्मान
मुंबई, 19 जून। फादर्स डे के अवसर पर, टीवी जगत के प्रसिद्ध अभिनेता कंवर ढिल्लों ने अपने पिता के साथ बिताए समय की कई प्रेरणादायक बातें साझा की हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने हमेशा उन्हें आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी।
कंवर ने कहा, ''मेरे पिता ने मुझे कभी भी शॉर्टकट नहीं सिखाए और न ही अपने नाम का इस्तेमाल करके मुझे काम दिलाने की कोशिश की। करियर की शुरुआत में, मुझे इस बात का महत्व समझ नहीं आता था। कई बार मुझे लगता था कि थोड़ी मदद मिल जाए तो सब कुछ आसान हो जाएगा, लेकिन समय के साथ मैंने जाना कि यह निर्णय मेरे लिए कितना महत्वपूर्ण था। असली सीख तब मिलती है जब आप अपनी सफलताओं और असफलताओं की जिम्मेदारी खुद लेते हैं।''
उन्होंने आगे कहा, ''मेहनत से मिली सफलता अधिक स्थायी होती है और इससे आत्म-संतोष भी मिलता है।''
कंवर ने अपने बचपन को याद करते हुए बताया, "मेरे पिता ने हमेशा मुझे अनुशासन में रखा। मुझे बचपन में मोबाइल फोन और अन्य गैजेट्स नहीं दिए जाते थे, ताकि मैं पढ़ाई और खेल पर ध्यान केंद्रित कर सकूं। उनका मानना था कि बच्चों को तकनीक से ज्यादा वास्तविक जीवन के अनुभवों से सीखना चाहिए। इसी कारण मैं और मेरा भाई खेलों में भाग लेते थे। उनकी सख्त, लेकिन संतुलित परवरिश ने हमें मजबूत बनाया।"
अभिनेता ने कहा, ''पिता हमेशा कहते थे कि गिरना और चोट लगना गलत नहीं है, असली सीख तब मिलती है जब आप गिरकर फिर से उठते हैं। इस सोच ने मुझे मानसिक रूप से मजबूत बनाया और कठिन समय में हार न मानने की प्रेरणा दी। आज मैं जहां भी हूं, उसमें मेरे पिता की शिक्षाओं का बड़ा योगदान है।''
कंवर ने यह भी कहा, "मैं चाहता हूं कि मैं भी अपने पिता की तरह एक अच्छा पारिवारिक व्यक्ति बनूं, जो अपने परिवार की पूरी जिम्मेदारी निभाए। मेरे पिता हमेशा परिवार को प्राथमिकता देते हैं और हर सदस्य का ध्यान रखते हैं। मैंने उन्हें कड़ी मेहनत करते हुए देखा है, वह कई शिफ्ट में काम करते थे और अक्सर लंबे समय तक घर से दूर रहते थे ताकि हमें बेहतर जीवन मिल सके।"
उन्होंने बताया, ''मेरे पिता ने सीमित संसाधनों से अपनी जिंदगी की शुरुआत की थी। वह केवल सौ रुपए लेकर मुंबई आए थे और मेहनत से अपने परिवार के लिए एक अच्छा जीवन बनाया।''
फादर्स डे पर जब उनसे पूछा गया कि वह अपने पिता को क्या संदेश देना चाहेंगे, तो कंवर ने कहा कि वह अपने पिता से यह कहना चाहेंगे कि हमें उन पर गर्व है और हम उनसे बहुत प्यार करते हैं। मैं चाहता हूं कि अब आप थोड़ा आराम करें और जिंदगी का आनंद लें।
.png)