आशा भोसले का निधन: बॉलीवुड में शोक की लहर, आमिर खान और ललित पंडित ने किया याद
सुरों की मल्लिका का अंतिम सफर
मुंबई, 12 अप्रैल। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की प्रसिद्ध गायिका और 'सुरों की मल्लिका' के नाम से जानी जाने वाली आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं।
उनका पार्थिव शरीर सोमवार को दोपहर 3 बजे तक अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा, और शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। गायिका के निधन की खबर सुनकर कई अभिनेता और राजनेता शोक व्यक्त कर रहे हैं। आमिर खान, अमीषा पटेल और संगीतकार ललित पंडित ने उनके साथ बिताए क्षणों को याद किया।
आमिर खान ने मीडिया से बातचीत में कहा, "मैं उनकी कला का बहुत बड़ा प्रशंसक रहा हूं। यह एक दुखद क्षण है और एक बड़ी हानि है। यह एक युग का अंत है। लता मंगेशकर, मोहम्मद रफी, किशोर कुमार और आशा भोसले जैसे महान गायकों के जाने से ऐसा लगता है जैसे एक युग समाप्त हो गया है। मेरी संवेदनाएं उनके प्रशंसकों और परिवार के साथ हैं। हम उनके लिए प्रार्थना करते हैं।"
अमीषा पटेल ने कहा कि उनका जाना पूरी दुनिया के लिए एक बड़ा नुकसान है, क्योंकि उनके प्रशंसक केवल भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी हैं। उन्होंने कहा, "आशा जी के साथ मेरा रिश्ता बहुत खास था, क्योंकि उन्होंने मेरी पहली फिल्म 'कहो ना प्यार है' के गाने 'जानेमन-जानेमन' को गाया था। यह मेरे लिए उनकी मीठी यादों में से एक है।"
उन्होंने यह भी कहा कि आशा भोसले 90 साल की उम्र में भी गा सकती थीं, क्योंकि उनमें अपार ऊर्जा थी। उनके चेहरे पर हमेशा एक सकारात्मक मुस्कान रहती थी।
संगीतकार ललित पंडित ने कहा, "यह हम सभी के लिए दुखद है कि हमने आशा जी को खो दिया है, लेकिन हमें उनके द्वारा हिंदी सिनेमा को दिए गए गानों और योगदान का जश्न मनाना चाहिए। उनके सहाबहार गीत हमेशा हमारे साथ रहेंगे।"
उन्होंने स्टूडियो में रिकॉर्डिंग के अनुभवों को याद करते हुए कहा, "आशा जी हमेशा खुश रहने वाली महिला थीं और उनके चेहरे पर हमेशा मुस्कान रहती थी। वे पहले गाने की रिहर्सल करती थीं और रिकॉर्डिंग के बाद हम सब मिलकर बातें करते थे। उनके साथ बिताया हर पल खुशनुमा होता था।"
.png)