आरती छाबड़िया: मिस इंडिया वर्ल्डवाइड से लेकर फिल्म निर्देशन तक का सफर
आरती छाबड़िया का प्रेरणादायक सफर
मुंबई, 20 नवंबर। अभिनेत्री आरती छाबड़िया उन कुछ कलाकारों में से एक हैं, जिन्होंने युवा अवस्था में ही मनोरंजन क्षेत्र में कदम रखा और अपनी प्रतिभा के बल पर दर्शकों के बीच एक विशेष पहचान बनाई। हालांकि, अपने करियर के एक महत्वपूर्ण मोड़ पर, उन्होंने अभिनय से कुछ समय का ब्रेक लेने का साहसिक निर्णय लिया और न्यूयॉर्क फिल्म एकेडमी में दाखिला लिया, जहां उन्होंने फिल्म निर्माण और निर्देशन की बारीकियों का गहन अध्ययन किया।
आरती का जन्म 21 नवंबर 1982 को मुंबई में डॉ. अशोक छाबड़िया और सुनीता छाबड़िया के घर हुआ। उन्होंने बहुत कम उम्र में मॉडलिंग शुरू की और स्कूल के साथ-साथ वीकेंड्स पर विज्ञापनों की शूटिंग की। इस दौरान, उन्होंने कई बड़े ब्रांड्स के लिए 300 से अधिक विज्ञापनों में काम किया।
कहा जाता है कि आरती स्कूल में एक मेहनती छात्रा थीं। उन्होंने कभी अपने पढ़ाई को अपने काम के बीच में नहीं आने दिया। वह सोमवार से शुक्रवार स्कूल जाती थीं और केवल वीकेंड पर विज्ञापनों की शूटिंग करती थीं। इस अनुभव ने उन्हें कम उम्र में ही कैमरे के सामने आत्मविश्वास दिया।
स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद, आरती ने मुंबई के एचआर कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स में दाखिला लिया। कॉलेज के शुरुआती दिनों में ही उन्होंने एक अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता में भाग लेने का निर्णय लिया। उनके पास वर्षों का कैमरा अनुभव और कई भाषाओं का ज्ञान था, जिसने उन्हें इस मंच के लिए तैयार किया।
नवंबर 1999 में न्यू जर्सी में 'मिस इंडिया वर्ल्डवाइड 2000' प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जहां आरती सबसे कम उम्र की प्रतियोगी थीं। इस जीत के बाद, उन्हें सुखविंदर सिंह के म्यूजिक वीडियो 'नशा ही नशा है' और अदनान सामी के 'रूठे हुए हो क्यों' में काम करने का मौका मिला। इसके बाद, उन्होंने 2001-2002 में बॉलीवुड में कदम रखा।
आरती ने 2001 में फिल्म 'लज्जा' से बॉलीवुड में शुरुआत की और 'आवारा पागल दीवाना', 'तुमसे अच्छा कौन है', 'शूटआउट एट लोखंडवाला' और 'पार्टनर' जैसी फिल्मों में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने हिंदी के अलावा तेलुगू, कन्नड़ और पंजाबी फिल्मों में भी काम किया। 2011 में, उन्होंने रियलिटी शो 'फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी' (सीजन 4) की ट्रॉफी जीती और 'झलक दिखला जा 6' में अपने डांस का प्रदर्शन किया।
2012 में, आरती ने अभिनय से ब्रेक लेकर न्यूयॉर्क फिल्म एकेडमी से फिल्म डायरेक्शन की पढ़ाई की और प्रोडक्शन तथा निर्देशन के क्षेत्र में कदम रखा। 11 अप्रैल 2017 को, उन्होंने 30 मिनट की लघु फिल्म 'मुंबई वाराणसी एक्सप्रेस' का निर्माण और निर्देशन किया, जो कई फिल्म फेस्टिवल्स में प्रदर्शित हुई और कई पुरस्कार जीते।
.png)