आदिनाथ एम. कोठारे और उर्मिला कानेटकर का विवाह: 15 साल बाद अलग होने का लिया फैसला
आदिनाथ और उर्मिला का आपसी सहमति से अलगाव
मुंबई, 16 जुलाई। अभिनेता और फिल्म निर्माता आदिनाथ एम. कोठारे ने अपनी पत्नी उर्मिला कानेटकर कोठारे के साथ 15 साल की शादी को आपसी सहमति से समाप्त करने का निर्णय लिया है। इस बात की जानकारी उन्होंने एक सामूहिक इंस्टाग्राम पोस्ट के माध्यम से साझा की।
आदिनाथ और उर्मिला ने अपने नोट में स्पष्ट किया कि वे इस रिश्ते को खत्म कर रहे हैं, लेकिन उनकी बेटी 'जिजा' की परवरिश की जिम्मेदारी वे मिलकर निभाएंगे।
नोट में लिखा गया, "हमारे दोस्तों, मीडिया और शुभचिंतकों के लिए, काफी सोच-विचार के बाद, उर्मिला कानेटकर और मैंने (आदिनाथ एम. कोठारे) आपसी सहमति और शांति से पार्टनर के तौर पर अलग होने का फैसला किया है। भले ही हमारा यह सफर एक कपल के तौर पर खत्म हो रहा है लेकिन बेटी जिजा के प्रति हमारी जिम्मेदारियां पूरी तरह बनी हुई हैं। वह हमारी सबसे पहली प्राथमिकता है। हम खुशी-खुशी और पूरी लगन से मिलकर उसकी परवरिश कर रहे हैं ताकि वह प्यार, सुरक्षा और सहारे के माहौल में बड़ी हो सके।"
उन्होंने आगे कहा, "हम एक-दूसरे और साथ बिताए उन सालों का बहुत सम्मान करते हैं। साथ ही, मीडिया और जनता के बहुत आभारी हैं कि आपने इतने सालों तक हमें इतना प्यार और समर्थन दिया। हम उम्मीद करते हैं कि जब हम अपनी जिंदगी के नए अध्याय में आगे बढ़ रहे हैं, तो आप हमें अपना आशीर्वाद देते रहेंगे।"
आखिर में, उन्होंने प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की और कहा, "इस मामले पर यह हमारा एकमात्र बयान होगा और हम आगे कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। आपके लगातार प्यार और समझदारी के लिए धन्यवाद। आदिनाथ और उर्मिला।"
आदिनाथ एम. कोठारे मुख्य रूप से मराठी सिनेमा और हिंदी मनोरंजन में सक्रिय हैं और उन्हें 'पाणी' फिल्म के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार सहित कई पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। वहीं, उर्मिला कानेटकर कोठारे एक प्रसिद्ध मराठी अभिनेत्री और कथक नृत्यांगना हैं।
.png)