Movie prime

अनुपम खेर ने मां के लिए भावुक पोस्ट में साझा की अपनी यादें

अनुपम खेर ने हाल ही में अपनी मां के लिए एक भावुक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने अपने रिश्ते की गहराई और मां के प्रति अपने प्यार का इजहार किया। उन्होंने बताया कि मां को किसी बड़े उपहार की आवश्यकता नहीं होती, बस एक छोटी सी मुस्कान और प्यार से पूछा गया सवाल काफी होता है। अभिनेता ने अपनी मां की ताकत और बलिदान को भी सराहा। जल्द ही, अनुपम खेर फिल्म 'फ्लिकर' में एक रहस्यमयी किरदार में नजर आएंगे।
 
अनुपम खेर ने मां के लिए भावुक पोस्ट में साझा की अपनी यादें

अनुपम खेर का मां के प्रति प्यार


मुंबई, 4 मई। अभिनेता अनुपम खेर अपनी अदाकारी के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते हैं। वह अक्सर अपनी मां दुलारी के साथ अपने रिश्ते की झलकियां साझा करते हैं। हाल ही में, उन्होंने मां के लिए एक बेहद भावुक पोस्ट साझा किया।


अनुपम ने इंस्टाग्राम पर अपनी मां के साथ एक तस्वीर साझा की, जिसमें उनकी मां अभिनेता के ऑफिस की कुर्सी पर बैठी हुई हैं। इस पोस्ट के माध्यम से उन्होंने बताया कि मां को किसी बड़े उपहार की आवश्यकता नहीं होती, बस एक छोटी सी मुस्कान और प्यार से पूछा गया सवाल - 'कैसी हो मां?'


अभिनेता ने इस पल को याद करते हुए बताया कि पिछले हफ्ते जब उनकी मां ऑफिस आईं, तो उन्होंने मुस्कराते हुए कहा, "ये तो मेरी कुर्सी है।"


अनुपम ने इस बात को स्वीकार करते हुए लिखा, "मां की यह बात सच है। मैं जो कुछ भी हूं, वह मां की दुआओं और मेरे संघर्ष का परिणाम है। मां ने अपने सपनों को पीछे छोड़कर मेरे सपनों को पंख दिए। उन्होंने खुद धूप-छांव सहन किया ताकि मेरा रास्ता आसान हो सके। माताएं अपनी जिंदगी, इच्छाएं और आराम बिना किसी शिकायत के परिवार पर न्योछावर कर देती हैं।"


अभिनेता ने मां की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी मजबूती अक्सर उनकी मुस्कान के पीछे छिपी होती है। उन्होंने लिखा, "कभी-कभी लगता है कि हम जिंदगी भर उनके एहसानों का हिसाब नहीं चुका सकते और शायद उन्हें कोई हिसाब चाहिए भी नहीं। बस एक छोटी सी मुस्कान, एक ‘कैसी हो मां?’ और थोड़ा सा साथ। मां… आपकी कुर्सी हमेशा आपकी ही रहेगी। मैं तो बस उसे संभाल कर बैठा हूं। मां, आपको शत शत नमन और प्रणाम।"


अनुपम खेर जल्द ही फिल्म 'फ्लिकर' में एक रहस्यमयी किरदार में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है, लेकिन इसके बारे में अन्य जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।


OTT