Movie prime

अनुपम खेर ने फ्रेंडशिप डे पर साझा किया दोस्ती का अनमोल संदेश

बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने फ्रेंडशिप डे के अवसर पर एक भावुक संदेश साझा किया है, जिसमें उन्होंने दोस्ती के महत्व को उजागर किया। उन्होंने बताया कि सच्चे दोस्त जीवन में कितने महत्वपूर्ण होते हैं और कैसे दोस्ती एक गहरी भावना है। अनुपम ने अपने फैंस को प्रेरित किया कि दोस्ती उम्र, दूरी या समय की मोहताज नहीं होती। जानें उनके इस खास संदेश के बारे में और भी।
 

फ्रेंडशिप डे पर अनुपम खेर का दिल छू लेने वाला संदेश




मुंबई, 2 अगस्त। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अनुपम खेर ने फ्रेंडशिप डे के अवसर पर अपने फैंस के साथ एक भावुक संदेश साझा किया है। उन्होंने दोस्ती के महत्व को उजागर करते हुए बताया कि सच्चे दोस्तों की उपस्थिति जीवन में कितनी महत्वपूर्ण होती है।


सोशल मीडिया पर एक वीडियो के माध्यम से अनुपम ने दोस्ती की अहमियत को अपने अनोखे अंदाज में व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ''आज फ्रेंडशिप डे है। मैं हमेशा कहता हूं कि असली दौलत किसी के बैंक बैलेंस में नहीं, बल्कि उसके दोस्तों में होती है। दोस्ती एक टेप रिकॉर्डर के पॉज बटन की तरह होती है। चाहे आप महीनों या वर्षों बाद मिलें, बस बटन दबाएं और रिश्ता वहीं से शुरू हो जाता है, जहां आपने छोड़ा था।''


उन्होंने आगे कहा, ''दोस्ती में न कोई हिसाब होता है, न कोई शिकायत, और न ही औपचारिकता। सच्चे दोस्त केवल आपको हंसाने का काम नहीं करते, बल्कि आपको अंदर से मजबूत भी बनाते हैं। सच्चे दोस्त वही होते हैं, जो आपको सुकून देते हैं और यह एहसास कराते हैं कि आप बिना किसी डर के अपने दिल की बात कह सकते हैं। शायद यही दोस्ती का असली मतलब है।''


अनुपम खेर ने कहा, ''दोस्ती से मिलने वाला अपनापन और सुरक्षा का एहसास बेहद खास होता है। मैं इस फ्रेंडशिप डे पर अपने सभी दोस्तों का धन्यवाद करता हूं और उन सभी को शुभकामनाएं देता हूं, जिनके जीवन में कम से कम एक सच्चा दोस्त है। दोस्ती उम्र, दूरी या समय की मोहताज नहीं होती। अगर रिश्ता सच्चा हो, तो सालों बाद भी वही अपनापन बना रहता है।''


वीडियो में उन्होंने कहा, ''दोस्ती सिर्फ एक रिश्ता नहीं, बल्कि एक गहरी भावना है। सच्चा दोस्त वह नहीं होता जो हर दिन आपके पास रहे, बल्कि वह होता है जो मुश्किल समय में सबसे पहले याद आता है। जिंदगी में कई बदलाव आते हैं, लेकिन सच्चे दोस्तों के साथ बना रिश्ता कभी नहीं बदलता।''


OTT