अनुपम खेर के लिए खास दिन: लास वेगास में मनाया गया 'अनुपम खेर डे'
अनुपम खेर का लास वेगास में सम्मान
मुंबई, 10 सितंबर। दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर के लिए आज का दिन विशेष महत्व रखता है। अपने लंबे करियर में उन्होंने न केवल भारतीय सिनेमा में बल्कि अंतरराष्ट्रीय परियोजनाओं में भी अपनी पहचान बनाई है। इस यात्रा में उन्हें कई पुरस्कार मिले हैं, लेकिन एक विशेष सम्मान है, जिसे वह हमेशा याद रखते हैं।
दरअसल, 10 सितंबर को लास वेगास में 'अनुपम खेर डे' के रूप में मनाया गया था। इस अवसर को याद करते हुए, अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि छोटे शहर शिमला से निकलकर लास वेगास जैसे बड़े मनोरंजन शहर में अपने नाम का दिन होना उनके लिए एक सपने के समान है।
अनुपम खेर ने कहा कि 10 सितंबर को 'अनुपम खेर डे' घोषित हुए 11 साल हो चुके हैं, लेकिन इस सम्मान की खुशी उनके दिल में आज भी वैसी ही है।
उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो के साथ लिखा, ''शिमला के एक छोटे शहर के लड़के के लिए लास वेगास में 'अनुपम खेर डे' का होना लगभग अविश्वसनीय है। यह सोचकर मुझे खुशी होती है कि मेरी मेहनत और यात्रा को इस तरह से सम्मानित किया गया।''
अभिनेता ने इस सम्मान के लिए भारतीय फिल्म उद्योग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ''इस सम्मान का पूरा श्रेय भारतीय फिल्म इंडस्ट्री को जाता है। इसने मुझे पहचान दी और मुझे इस मुकाम तक पहुंचने का अवसर दिया। कुछ सम्मान केवल अलमारी में सजने के लिए नहीं होते, बल्कि वे हमेशा के लिए दिल में बस जाते हैं। लास वेगास में मिला यह सम्मान भी मेरे लिए ऐसा ही है।''
71 वर्षीय अनुपम खेर वर्तमान में अपने नाटक 'जाने पहचाने अनजाने' के लिए अमेरिका और कनाडा के दौरे पर हैं।
.png)