अनुपम खेर की मां के लिए भावुक संदेश: 'तू कब आएगा?'
अनुपम खेर का इमोशनल पोस्ट
मुंबई, 22 अक्टूबर। प्रसिद्ध अभिनेता अनुपम खेर इस समय अपने काम में व्यस्त हैं और घर से दूर हैं। उन्होंने अपनी मां दुलारी को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्हें अपनी मां से मिले हुए लगभग दो महीने हो गए हैं।
अनुपम ने इंस्टाग्राम पर अपनी मां की दो तस्वीरें साझा कीं और बताया कि वह रोज अपने भाई राजू खेर के माध्यम से फेसटाइम पर उनसे बात करते हैं।
उन्होंने पोस्ट में लिखा, "मां से मिले हुए लगभग दो महीने हो गए हैं। हालांकि, रोजाना राजू के फोन पर फेसटाइम पर बात हो जाती है, क्योंकि मां स्मार्टफोन नहीं चलाती हैं। आज बात करते-करते बोलीं, तू कब आएगा? कितने दिन हो गए तुझसे मिले हुए। तू मेरी शक्ल भूल तो नहीं गया?"
अनुपम ने कहा कि मां की बातें सुनकर वह भावुक हो गए। उन्होंने लिखा, "मां की यह बात सुनकर हंसी भी आई और आंखें भी भर आईं। कितनी मासूम है मां। मैं वीडियो कॉल पर उनसे बात कर रहा था और मुझे समझ में आ रहा था कि वो क्या कहना चाहती हैं। असल में, जब तक वह मुझे गले न लगा लें, तब तक मां के लिए मिलना अधूरा है।"
उन्होंने आगे लिखा, "फोन पर तो बस चेहरा दिख जाता है, लेकिन बच्चे के घर आने का इंतजार तो वहीं का वहीं रहता है।" अनुपम ने बताया कि मां ने फिर कहा, "अच्छा चल, अपना खयाल रख। कोई बात नहीं… कोई बात नहीं।" उन्होंने कहा कि मां की इस 'कोई बात नहीं' में कितना कुछ छिपा होता है।
अंत में, अनुपम ने अपनी मां के लिए लिखा, "कैसे बताऊं आपको मां, आपका चेहरा मेरे दिल में बसा हुआ है। आंखें बंद करता हूं, तो आपके हजारों चेहरे नजर आते हैं। कभी हंसते हुए, कभी डांटते हुए, कभी फिक्र करते हुए और हर बार उतना ही प्यार करते हुए। आपका चेहरा कैसे भूल सकता हूं, मां? मेरी तो पूरी दुनिया ही आपके आंचल में है।"
.png)