अंकिता लोखंडे ने नानी के 84वें जन्मदिन पर साझा की भावुक यादें
अंकिता लोखंडे की नानी का खास दिन
मुंबई, 2 जून। टेलीविजन की चर्चित अभिनेत्री अंकिता लोखंडे ने हाल ही में अपनी नानी के 84वें जन्मदिन का जश्न मनाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने बताया कि उनकी नानी, जो आंशिक पैरालिसिस से ग्रस्त हैं, फिर भी पूरी तरह से आत्मनिर्भर हैं।
अंकिता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह पीले रंग की साड़ी पहने अपनी नानी का हाथ थामे हुए उन्हें समारोह स्थल तक ले जाती नजर आ रही हैं। इस वीडियो में परिवार के अन्य सदस्य भी उनकी नानी के चारों ओर मौजूद हैं।
इस खास मौके पर अंकिता भावुक हो गईं। उन्होंने लिखा, "आज मेरी आजी का 84वां जन्मदिन है, और उन्होंने अपने जीवन में 1000 पूर्ण चंद्रमा देखने का अद्भुत पड़ाव भी पार किया है।"
अंकिता ने अपनी नानी को मां के समान बताया और कहा, "जब मैं केवल छह महीने की थी, तब से नानी ने मुझे अपनी गोद में पाला। इसलिए वह मेरे लिए केवल नानी नहीं, बल्कि मां जैसी हैं। मैंने जीवन की सबसे बड़ी सीख उनसे ही ली है, जैसे भगवान पर विश्वास रखना और रिश्तों की कद्र करना।"
उन्होंने आगे कहा, "नानी ने चार बेटियों की परवरिश करते हुए इतना प्यार दिया कि उनके घर से कोई भी भूखा नहीं लौटा। आज भी उनका हौसला मुझे प्रेरित करता है।"
अंकिता ने अपनी पोस्ट के अंत में लिखा, "मां आजी, मुझे इतना प्यार देने और मुझ पर भरोसा करने के लिए धन्यवाद। मैं प्रार्थना करती हूं कि आपको लंबी उम्र और ढेर सारी खुशियां मिले। हैप्पी बर्थडे मां आजी।"
.png)