सुष्मिता सेन ने मिस यूनिवर्स का ताज पहनने के 32 साल पूरे किए, जानें उनकी खास पोस्ट में क्या कहा!
सुष्मिता सेन का ऐतिहासिक पल
मुंबई, 21 मई। अभिनेत्री सुष्मिता सेन ने 32 साल पहले मिस यूनिवर्स का ताज जीतकर भारत का नाम रोशन किया था। इस विशेष अवसर पर, उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने प्रशंसकों का आभार व्यक्त किया।
सुष्मिता ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह विमान की ओर जाते हुए अपनी प्रसिद्ध मुस्कान के साथ नजर आ रही हैं।
उन्होंने तस्वीर के साथ लिखा, "पिछले 32 वर्षों से जो मुस्कान मेरे चेहरे पर है, उसके लिए मैं दिल से आभारी हूं। मुझे यह एहसास है कि मैं कितनी खुशकिस्मत और आशीर्वादित हूं। यह खुशी आप सभी की वजह से है। मेरे मिस यूनिवर्स बनने के 32 साल पूरे होने पर शुभकामनाएं। फिलीपींस, मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं और वहां से मिला प्यार हमेशा मेरे दिल में खास रहेगा। आप सभी को मैं दिल से बहुत प्यार करती हूं।"
गौरतलब है कि सुष्मिता ने 1994 में मिस इंडिया प्रतियोगिता में भाग लिया था, जहां ऐश्वर्या राय भी एक प्रमुख प्रतियोगी थीं। सुष्मिता ने मिस इंडिया का खिताब जीता और उन्हें मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता के लिए भेजा गया, जबकि ऐश्वर्या को मिस वर्ल्ड के लिए। संयोग से, दोनों ने अपने-अपने खिताब जीते।
सुष्मिता ने फिलीपींस में मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में 77 देशों की प्रतियोगियों को पीछे छोड़ते हुए यह खिताब अपने नाम किया। इसके बाद, उन्होंने महेश भट्ट की फिल्म 'दस्तक' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। हालांकि, उन्हें डेविड धवन की कॉमेडी फिल्म 'बीवी नंबर 1' (1999) से बड़ी सफलता मिली, जिसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला। इसके बाद उन्होंने 'आंखें' (2002), 'मैं हूं ना' (2004) और 'मैंने प्यार क्यों किया' (2005) जैसी सफल फिल्मों में काम किया।
हालांकि सुष्मिता ने कम फिल्मों में काम किया है, लेकिन जब भी वह स्क्रीन पर आती हैं, तो अपने अभिनय से दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ती हैं।
.png)