सलमान खान से मिलकर 'एलायंस' के कंटेस्टेंट्स ने महसूस किया जादू, रूही ने साझा किया अपना अनुभव!
रियलिटी शो 'एलायंस' का खास पल
मुंबई, 16 अगस्त। रियलिटी शो 'एलायंस' का सफर समाप्त हो चुका है, लेकिन इस शो से जुड़े कई यादगार लम्हे हैं जिन्हें प्रतियोगी लंबे समय तक नहीं भूल पाएंगे। इनमें से एक खास लम्हा तब आया जब बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सलमान खान ने शो में आकर प्रतियोगियों से मुलाकात की। शो की रनर-अप रूही दोसानी और नाइजीरियाई इन्फ्लुएंसर अगु स्टेनली ने इस मुलाकात को एक सपने के सच होने जैसा बताया।
रूही ने इस मुलाकात को याद करते हुए कहा कि सलमान के साथ बिताया गया समय उनके लिए न केवल शो का, बल्कि जीवन का एक महत्वपूर्ण पल बन गया।
उन्होंने कहा, ''मुझे बिलकुल भी उम्मीद नहीं थी कि सलमान खान अचानक वहां आएंगे और प्रतियोगियों से बातचीत करेंगे। उनका आना मेरे लिए एक बड़ा सरप्राइज था। यह मेरे जीवन का सबसे बेहतरीन पल था। मैं सलमान खान की बहुत बड़ी फैन हूं और उन्हें इतने करीब से देखना मेरे लिए बेहद खास था।''
रूही को सलमान को गले लगाने का भी मौका मिला, जिसे उन्होंने अपने लिए 'ड्रीम मोमेंट' बताया। उन्होंने कहा, ''मैं इस याद को हमेशा अपने साथ रखूंगी। सलमान के सामने आने के बाद मैं इतनी उत्साहित और हैरान थी कि कुछ पल के लिए समझ ही नहीं आया कि कैसे प्रतिक्रिया दूं। मैं खुद को बेहद खुशकिस्मत मानती हूं। यह मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा था।''
रूही ने सलमान के व्यक्तित्व और उनके ह्यूमर की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, ''उनका ह्यूमर अद्भुत है और व्यक्तित्व बिल्कुल अलग है। मैं शॉक में थी, लेकिन मैं बहुत आभारी हूं कि हमें उनके साथ एक ही जगह पर रहने का मौका मिला। सलमान की मौजूदगी का असर ऐसा था कि मैं काफी देर तक उस पल को महसूस करती रही।''
अपने अनुभव को साझा करते हुए रूही ने उत्साह से कहा, ''मैंने 'एलायंस' जैसा शो किया और मुझे सलमान खान को गले लगाने का मौका मिला, अब आपको और क्या चाहिए?''
वहीं, 'एलायंस' के एक अन्य प्रतियोगी अगु स्टेनली के लिए भी सलमान से मिलना एक खास अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि सलमान के सामने आते ही उन्हें और अन्य प्रतियोगियों को सचमुच रोंगटे खड़े होने जैसा एहसास हुआ। उन्होंने मजाक में कहा कि उनके शरीर पर ज्यादा बाल नहीं हैं, फिर भी सलमान से मिलने के बाद उन्हें गूसबंप्स हो गए।
अगु ने कहा, ''सलमान खान से मिलकर मुझे बहुत मजा आया और मैं बहुत खुश हूं कि मैंने इस मुलाकात को अपने जीवन में सच होते देखा।''
अगु ने शो में अपनी एक और खासियत से दर्शकों का ध्यान खींचा, जब उन्होंने हिंदी, मराठी, भोजपुरी और गुजराती बोलकर सभी को हैरान कर दिया। उनके अनुसार, उन्होंने इन भाषाओं को फिल्मों और उनके अनुभवों से सीखा है.
.png)