श्रेया घोषाल ने साझा की गायकी की अनोखी प्रक्रिया, जानें कैसे रंगों में ढलते हैं उनके गाने!
श्रेया घोषाल की गायकी का अनूठा अनुभव
मुंबई, 8 मई। श्रेया घोषाल, जो अपनी मधुर आवाज के लिए प्रसिद्ध हैं, ने हाल ही में अपने 'ऑल हार्ट्स टूर' लाइव एल्बम के प्रमोशन के दौरान गायकी के बारे में एक दिलचस्प जानकारी साझा की। उनके गाए हुए गाने सीधे लोगों के दिलों में उतर जाते हैं, चाहे वह रोमांटिक हो, दर्द भरा हो या खुशी से भरा।
उन्होंने बताया कि वह गानों को केवल सुरों और शब्दों में नहीं, बल्कि रंगों, चित्रों और दृश्यों के रूप में भी अनुभव करती हैं। उनके लिए हर गाना एक पेंटिंग की तरह होता है।
श्रेया ने कहा, ''मेरी याददाश्त काफी फोटोग्राफिक है। मैं चीजों को तस्वीरों के रूप में याद रखती हूं। जब मैं गाना गाती हूं, तो मेरे मन में उससे जुड़ी तस्वीरें बनने लगती हैं। किसी गाने का एक हिस्सा मुझे किसी खास रंग की तरह महसूस होता है, तो किसी गाने का माहौल मुझे किसी दृश्य की याद दिलाता है। कभी-कभी किसी अंतरे में मुझे पीले-नीले रंगों की झलक महसूस होती है। मेरे लिए संगीत सिर्फ आवाज नहीं, बल्कि एक पूरा अनुभव है।''
उन्होंने आगे कहा, ''हाल ही में मैंने इंटरनेट पर पढ़ा कि क्या सच में लोग संगीत सुनते समय रंग और तस्वीरें महसूस करते हैं। तब मुझे पता चला कि कुछ लोगों के दिमाग में इस तरह की संवेदनाएं होती हैं। मेरे लिए यह तरीका काफी मददगार साबित होता है। इससे मैं गाने की भावना को ज्यादा गहराई से समझ पाती हूं और इसी एहसास के साथ गाती हूं।''
फिल्मों के लिए गाना गाते समय, श्रेया अपने दिमाग में पूरा दृश्य सोचती हैं कि स्क्रीन पर क्या चल रहा होगा। अगर कोई डुएट गाना होता है, तो वह उसमें सवाल-जवाब की भावना को भी महसूस करती हैं। उन्होंने कहा, ''जब गायक गाने को केवल गाता नहीं, बल्कि उसे जीता है, तभी वह श्रोता के दिल तक पहुंचता है।''
श्रेया ने कहा, ''कई बार मुझे यह तक नहीं पता होता कि गाना किस अभिनेता या अभिनेत्री पर फिल्माया जाएगा, लेकिन फिर भी मैं अपने मन में एक किरदार और दृश्य बना लेती हूं। यही कल्पना मेरी आवाज में भावनाओं को और मजबूत बनाती है।''
उन्होंने संगीत को एक दिव्य कला बताया और कहा, "संगीत सिर्फ मनोरंजन का जरिया नहीं है, बल्कि यह भगवान का दिया हुआ एक खास उपहार है। संगीत हर इंसान को अलग-अलग तरीके से जोड़ता है और यही इसकी सबसे बड़ी खूबसूरती है।"
उनका 'ऑल हार्ट्स टूर' लाइव एल्बम हाल ही में सोनी म्यूजिक इंडिया के लेबल के तहत रिलीज हुआ है।
.png)