शमिता शेट्टी ने साझा किया दर्दनाक अनुभव: एंडोमेट्रियोसिस से जूझने की कहानी
शमिता शेट्टी का स्वास्थ्य संघर्ष
मुंबई, 10 जुलाई। फिल्म और रियलिटी शो की दुनिया में पहचान बनाने वाली शमिता शेट्टी ने हाल ही में सोहा अली खान के पॉडकास्ट 'ऑल अबाउट हर' में अपने जीवन के कठिन समय का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वह लंबे समय तक एंडोमेट्रियोसिस नामक बीमारी से ग्रस्त रहीं। प्रारंभ में डॉक्टर उनकी समस्या को पहचान नहीं पाए, जिससे उपचार में देरी हुई। इस बातचीत में शमिता ने पहली बार एंडोमेट्रियोसिस और पेरिमेनोपॉज से जुड़े अपने अनुभवों को साझा किया।
अपनी स्वास्थ्य यात्रा के बारे में बताते हुए, शमिता ने कहा कि उन्हें यह समझने में काफी समय लगा कि उनके शरीर में हो रहे परिवर्तन सामान्य हैं या किसी गंभीर समस्या का संकेत।
जब सोहा ने उनसे पूछा कि सही बीमारी का पता लगने से पहले वह कितने समय तक दर्द सहन करती रहीं, तो शमिता ने बताया कि उनके मामले में सही निदान में काफी समय लगा। उन्होंने कहा, 'मेरे मामले में बीमारी का पता लगने में काफी देर हुई, क्योंकि शुरुआत में मुझे सही निदान नहीं मिला। जब भी कोई लक्षण महसूस होता, मैं खुद को यही समझाती थी कि शायद यह सामान्य है। सबसे पहले जब मैं अपनी गायनेकोलॉजिस्ट के पास गई, तब उन्होंने पैप स्मीयर समेत सभी जरूरी जांच कराईं, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि सब कुछ ठीक है।'
उन्होंने आगे कहा, 'जब सभी रिपोर्ट सामान्य आईं, तो किसी ने यह नहीं सोचा कि इसके पीछे कोई दूसरी वजह भी हो सकती है। इसके बाद जब भी वही तकलीफ दोबारा होती, मैं खुद को यही समझाती थी कि पिछली बार भी कुछ नहीं निकला था, इसलिए शायद यह सामान्य होगा। मुझे लगा कि एक महिला होने के नाते ऐसा होना आम बात है।'
शमिता ने कहा कि महिलाओं की सबसे बड़ी समस्या यह है कि वे अक्सर अपने दर्द को सामान्य मानकर सहती रहती हैं। उन्होंने कहा, 'हम महिलाएं अक्सर अपना दर्द खुलकर व्यक्त नहीं करतीं। पीरियड्स का दर्द हो या हार्मोन से जुड़ी दूसरी परेशानियां, इन्हें सामान्य मान लिया जाता है। समाज भी यही मानता है कि महिलाओं को इन सबके साथ जीना चाहिए। शायद इसी वजह से कई महिलाएं समय रहते अपनी बीमारी को पहचान नहीं पातीं।'
अभिनेत्री ने बताया कि सर्जरी से लगभग छह से आठ महीने पहले उनकी स्थिति काफी खराब हो गई थी। उन्होंने कहा, 'उससे पहले दर्द इतना ज्यादा नहीं था। मेरी दर्द सहने की क्षमता काफी मजबूत है। लेकिन जब दर्द की वजह से मेरी नींद खुलने लगी, तब मुझे एहसास हुआ कि कुछ गड़बड़ है। उसी समय मुझे लगा कि मेरा शरीर मुझे संकेत दे रहा है कि अब इसकी असली वजह पता करनी चाहिए।'
शमिता ने कहा कि उसी समय वह पेरिमेनोपॉज के बारे में भी जानकारी हासिल कर रही थीं। हार्मोन में लगातार हो रहे बदलावों की वजह से उनके लिए यह समझना मुश्किल हो गया था कि उनकी तकलीफ पेरिमेनोपॉज का हिस्सा है या किसी दूसरी बीमारी का संकेत। उन्होंने कहा, 'मैं बहुत उलझन में थी। एक तरफ हार्मोनल बदलाव हो रहे थे और दूसरी तरफ दर्द लगातार बढ़ रहा था। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि यह सब पेरिमेनोपॉज की वजह से हो रहा है या कोई दूसरी समस्या है।'
शमिता शेट्टी ने कहा, 'महिलाओं को अपने शरीर के संकेतों को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अगर लंबे समय तक दर्द या कोई असामान्य लक्षण बने रहें, तो उसे सामान्य मानकर सहने के बजाय तुरंत विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। समय पर सही जांच और इलाज महिलाओं को बेहतर और स्वस्थ जीवन जीने में भी मदद कर सकता है।'
गौरतलब है कि एंडोमेट्रियोसिस एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, जिसमें गर्भाशय की अंदरूनी परत जैसा ऊतक गर्भाशय के बाहर बढ़ने लगता है। इससे तेज दर्द, अनियमित पीरियड्स और कई अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। वहीं, पेरिमेनोपॉज वह चरण होता है जब मेनोपॉज से पहले महिलाओं के शरीर में हार्मोनल बदलाव शुरू हो जाते हैं।
.png)