विशाल चतुर्वेदी की 'हनुमान अंश' को इफ्फी में मिली सराहना, जानें क्या कहा निर्देशक ने!
विशाल चतुर्वेदी की नई फिल्म 'हनुमान अंश'
मुंबई, 22 नवंबर। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी अपनी फिल्म 'हनुमान अंश' को लेकर बेहद उत्साहित हैं। यह फिल्म वर्तमान में गोवा में चल रहे भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में प्रदर्शित की जा रही है। उनके लिए यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। विशाल ने कहा कि इफ्फी को फिल्मों का महाकुंभ माना जाता है, और यहां अपनी फिल्म के साथ उपस्थित होना उनके लिए गर्व की बात है।
विशाल ने साझा किया कि उनकी फिल्म को दर्शकों और फिल्म उद्योग के कई प्रमुख निर्देशकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। इफ्फी में आईएएनएस से बातचीत के दौरान, उन्होंने फिल्म की सफलता, छोटे बजट की फिल्मों को मिलने वाले अवसरों और 'हनुमान अंश' के दूसरे भाग के बारे में चर्चा की।
उन्होंने कहा, ''मैं हर साल इफ्फी में आने की इच्छा रखता था, लेकिन पहले कभी यहां नहीं पहुंच पाया। गोवा की सुंदरता और विश्वभर की बेहतरीन फिल्मों के साथ बड़े निर्देशकों और निर्माताओं की उपस्थिति इस महोत्सव को खास बनाती है। यहां फिल्म बाजार भी लगता है, जहां फिल्म से जुड़े लोग एक-दूसरे से मिलकर अपने विचार साझा कर सकते हैं। इस बार अपनी फिल्म के साथ इफ्फी में आना मेरे लिए एक अनोखा अनुभव है।''
युवा फिल्म निर्माताओं के लिए उन्होंने कहा, ''हर फिल्ममेकर को अपने काम पर विश्वास करना चाहिए और अच्छी कहानी पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। इफ्फी जैसे प्लेटफॉर्म पर अच्छी फिल्म लेकर आना बहुत महत्वपूर्ण है। यहां बड़े निर्माता, निर्देशक और कई फिल्म प्लेटफॉर्म होते हैं, जिससे नए फिल्ममेकर्स को अपने काम को प्रदर्शित करने और सीखने का अवसर मिलता है। यह उनके लिए आगे बढ़ने का एक बेहतरीन मंच है।''
छोटे बजट की फिल्मों को थिएटर में कम स्क्रीन मिलने के मुद्दे पर उन्होंने कहा, ''बड़ी फिल्मों के बीच छोटी फिल्मों को जगह नहीं मिल पाना दुर्भाग्यपूर्ण है। थिएटर चलाने वाली कंपनियों को इस पर ध्यान देना चाहिए कि दर्शक अच्छी कहानी देखने आते हैं। छोटी फिल्में भी अपनी कहानी के दम पर अच्छा प्रदर्शन कर सकती हैं। 'हनुमान अंश' और 'स्पाइडर-वर्स' जैसी फिल्मों ने यह साबित किया है कि हर अच्छी फिल्म को दर्शकों तक पहुंचने का मौका मिलना चाहिए।''
विशाल ने कहा, ''बड़ी फिल्मों को ज्यादा स्क्रीन मिलना गलत नहीं है, क्योंकि उनके बजट और लागत को भी वापस निकालना होता है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि छोटी फिल्मों को पूरी तरह नजरअंदाज किया जाए। अगर किसी थिएटर चेन के पास 20 से 25 स्क्रीन हैं, तो उनमें से कम से कम एक स्क्रीन पर छोटी फिल्मों को जगह दी जा सकती है।''
'हनुमान अंश 2' के बारे में उन्होंने कहा, ''फिलहाल फिल्म की तैयारी शुरू नहीं हुई है। इसकी स्क्रिप्ट लिखने का काम 2027 में शुरू होगा। इसके बाद 2028 में फिल्म बनाने पर चर्चा करेंगे।''
फिल्म को इंडस्ट्री के बड़े निर्देशकों से मिली सराहना पर उन्होंने खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा, ''मधुर भंडारकर और आनंद एल. राय ने मुझे फोन करके फिल्म की तारीफ की। इसके अलावा आदित्य धर ने सोशल मीडिया पर फिल्म के बारे में लिखा। जब इतने अनुभवी निर्देशक किसी फिल्म के बारे में अच्छी बातें करते हैं, तो यह मेरे लिए बहुत खुशी की बात होती है।''
.png)