बॉलीवुड और साउथ के सितारों ने बच्चों को दिए आध्यात्मिक नाम, जानें कौन हैं ये स्टार्स?
बच्चों के नामकरण में आध्यात्मिकता का नया ट्रेंड
मुंबई, 9 मई। बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग के कई सितारे अपने बच्चों को ईश्वर, देवी-देवताओं और आध्यात्मिकता से जुड़े नाम दे रहे हैं। ये नाम न केवल अनोखे हैं, बल्कि सांस्कृतिक और भक्ति से भी जुड़े हुए हैं। हाल ही में, सोनम कपूर ने अपने छोटे बेटे का नामकरण किया।
अभिनेत्री सोनम कपूर ने अपने दूसरे बेटे का नाम रुद्रलोक कपूर आहूजा रखा है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर साझा किया कि यह बच्चा भगवान विष्णु की कृपा से जन्मा है और इसे दिव्य आशीर्वाद मानती हैं। उनके बड़े बेटे का नाम वायु है, जो भगवान विष्णु से संबंधित है। छोटे बेटे का नाम रुद्र भगवान शिव के रुद्र रूप से प्रेरित है, जिसका अर्थ है दुखों का नाशक। सोनम ने लिखा, “रुद्र निडर, दयालु और शक्ति का प्रतीक बने।”
हालांकि, बच्चों को देवी-देवताओं के नाम देने का यह ट्रेंड सोनम से पहले भी कई सितारों ने अपनाया था। इन नामों में वैदिक और धार्मिक प्रेरणा शामिल है, जो अभिनेताओं की गहरी आस्था और संस्कृति को दर्शाते हैं। अब यह केवल फैशन नहीं रह गया है, बल्कि श्रद्धा और दिव्यता का प्रतीक बन गया है।
वत्सल सेठ और इशिता दत्त ने अपनी दूसरी बेटी का नाम वेदा रखा है, जिसका अर्थ है ‘ज्ञान’। उनके बड़े बेटे का नाम वायु है, जो पवन देवता से प्रेरित है। यामी गौतम और आदित्य धर ने अपने बेटे का नाम वेदविद रखा, जिसका अर्थ है 'वेदों का ज्ञाता'।
अनुष्का शर्मा और विराट कोहली की बेटी का नाम वामिका है, जो देवी दुर्गा का एक नाम है। बिपाशा बसु और करण सिंह ग्रोवर ने अपनी बेटी का नाम देवी रखा है, जिसका अर्थ है दिव्य शक्ति। शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के बेटे का नाम वियान है, जो भगवान श्रीकृष्ण का नाम है।
जूनियर एनटीआर के बेटे का नाम अभय है, जो भगवान शिव का एक नाम है। नयनतारा और विग्नेश शिवन ने अपने बेटों के नाम रुद्रोनील और दैविक रखा है। अन्य नामों में अमाला पॉल के बेटे का नाम इलई और कियारा आडवाणी- सिद्धार्थ मल्होत्रा की बेटी का नाम सरायाह शामिल है।
.png)