बिपाशा बसु: सांवली सुंदरता की मिसाल, जानें उनके जीवन की अनकही बातें
बिपाशा बसु का जन्मदिन और करियर
मुंबई, 6 जनवरी। जब भी बॉलीवुड में 'डस्की ब्यूटी' का जिक्र होता है, तो सबसे पहले बिपाशा बसु का नाम आता है, जो फिल्म 'राज' में अपनी सांवली सुंदरता के लिए जानी जाती हैं। 7 जनवरी को उनका जन्मदिन है।
बिपाशा ने फिल्म इंडस्ट्री में एक लंबा और सफल सफर तय किया है। हालांकि, उन्हें अपने सांवले रंग के कारण कई बार ताने भी सुनने पड़े, लेकिन उन्होंने इसे अपनी ताकत बना लिया।
बिपाशा ने न केवल अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता, बल्कि रंगभेद के खिलाफ भी खुलकर आवाज उठाई है।
उनका जन्म नई दिल्ली में एक बंगाली परिवार में हुआ, और बाद में उनका परिवार कोलकाता चला गया। महज 16 साल की उम्र में उन्होंने सुपरमॉडल प्रतियोगिता जीती और मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा। 17 साल की उम्र में उन्होंने प्रोफेशनल मॉडलिंग शुरू की। न्यूयॉर्क और पेरिस जैसे शहरों में काम करते हुए उन्हें एहसास हुआ कि उनकी सांवली त्वचा को वहां 'एग्जॉटिक' माना जाता है। लेकिन भारत लौटने पर उन्हें फिर से वही पुराने ताने सुनने को मिले।
बिपाशा ने कहा, "बचपन से ही मुझे रिश्तेदारों और लोगों से ताने सुनने पड़ते थे कि मैं अपनी बहन की तुलना में ज्यादा सांवली हूं। मॉडलिंग जीतने के बाद अखबारों में हेडलाइन बनी—'कोलकाता की सांवली लड़की बनी विनर।' यह मुझे हैरान करता था कि मेरी खूबसूरती से पहले रंग ही क्यों चर्चा का विषय बन जाता है।"
हालांकि, बिपाशा का मानना है कि खूबसूरती केवल स्किन कलर से नहीं, बल्कि पर्सनैलिटी से भी जुड़ी होती है। उस समय जब ज्यादातर हीरोइनें गोरी मानी जाती थीं, बिपाशा ने अपनी अलग पहचान बनाई और इसे कभी कमजोरी नहीं बनने दिया। वह अपने रंग से प्यार करती हैं और इसे कभी बदलना नहीं चाहतीं।
बिपाशा ने कहा कि उन्हें कई बड़े स्किन केयर और फेयरनेस ब्रांड्स से एंडोर्समेंट ऑफर मिले, लेकिन उन्होंने हर बार मना कर दिया। उनका मानना है कि गोरा होना ही सुंदरता नहीं है।
अपने करियर की शुरुआत बिपाशा ने 2001 में फिल्म 'अजनबी' से की, जिसमें उन्होंने नेगेटिव रोल निभाया। इस फिल्म में उनकी एक्टिंग को बहुत सराहा गया और उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट डेब्यू अवॉर्ड भी मिला। इसके बाद उन्होंने 'राज' जैसी सुपरहिट फिल्म में काम किया और रातोंरात स्टार बन गईं।
इसके बाद उन्होंने 'जिस्म', 'नो एंट्री', 'धूम 2' जैसी कई सफल फिल्मों में काम किया। बिपाशा ने हॉरर, थ्रिलर, कॉमेडी और ड्रामा जैसे विभिन्न जॉनर्स में अपनी छाप छोड़ी।
बिपाशा ने 2016 में अभिनेता करण सिंह ग्रोवर से शादी की और नवंबर 2022 में उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया, जिसका नाम देवी रखा है।
.png)