बादशाह का नया गाना 'टटीरी फिर से': विवाद के बाद क्या है बदलाव?
बादशाह का विवादित गाना 'टटीरी' अब नए अंदाज में
मुंबई, 10 अप्रैल। पंजाबी गायक और रैपर बादशाह का विवादास्पद गाना 'टटीरी' अश्लील बोलों के कारण सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया था। बादशाह ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी थी। अब, वह इस गाने को एक नए रूप में पेश करने के लिए तैयार हैं, जिसमें हरियाणा की लोक संगीत की झलक देखने को मिलेगी।
बादशाह ने 'टटीरी' को नए बदलावों के साथ फिर से रिलीज करने की योजना बनाई है और इसके नए शीर्षक की भी घोषणा की है।
सोशल मीडिया पर बादशाह ने 'टटीरी' को 'टटीरी फिर से' के नाम से पुनः रिलीज करने की जानकारी दी है। उन्होंने सभी की भावनाओं का सम्मान करते हुए आश्वासन दिया है कि जिन कारणों से हरियाणा और देश की भावनाओं को ठेस पहुंची थी, वे फिर से नहीं होंगे। यह गाना 14 अप्रैल को यूट्यूब पर फिर से उपलब्ध होगा।
बादशाह ने इंस्टाग्राम पर गाने की झलक साझा करते हुए लिखा, "पिछले कुछ हफ्तों में हमने अपने गाने 'टटीरी' को लेकर सरकारी अधिकारियों, महिला आयोग, समाजसेवियों और हमारी संस्कृति की परवाह करने वाले कई लोगों की बातों को सुना है। उसी के आधार पर हमने गाने में आवश्यक बदलाव किए हैं और जो भी हिस्सा अपमानजनक माना गया, उसे हटा दिया है। मैं इस प्रतिक्रिया और उसके पीछे की भावना का सम्मान करता हूं। एक कलाकार होने के नाते, हमारी समाज और संस्कृति के प्रति जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।"
उन्होंने आगे लिखा, “टटीरी फिर से उसी सफर का अगला कदम है। आपका साथ, आपकी आवाज और आपका विश्वास ही है, जिसने इस गाने को जिंदा रखा है। उम्मीद है इसका नया रूप वही ऊर्जा और सम्मान लेकर चलेगा। गाना 14 अप्रैल को आधिकारिक तरीके से रिलीज किया जाएगा।"
हाल ही में, बादशाह को राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने पेश होना पड़ा था, जहां उन्होंने अपनी गलतियों के लिए माफी मांगी और कुछ बच्चियों की शिक्षा का भार अपने कंधों पर लिया।
.png)