प्राजक्ता कोली: कैसे एक छोटे से वीडियो ने बदल दी उनकी जिंदगी?
प्राजक्ता कोली की यात्रा
मुंबई, 23 सितंबर। आज प्राजक्ता कोली को एक सफल कंटेंट क्रिएटर, अभिनेत्री और लेखक के रूप में पहचाना जाता है। उन्होंने 'मोस्टली सेन' के नाम से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी एक खास पहचान बनाई और बाद में अभिनय में भी कदम रखा।
एक समय था जब प्राजक्ता केवल रेडियो जॉकी बनने का सपना देखती थीं। इस सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने एक रेडियो स्टेशन में इंटर्नशिप की। उन्हें यह नहीं पता था कि ऋतिक रोशन के साथ एक छोटा सा वीडियो उनके करियर की दिशा को बदल देगा।
हाल ही में, प्राजक्ता ने 'पहला पहला' के एक एपिसोड में गोपाल दत्त के साथ अपने शुरुआती दिनों को याद किया। उन्होंने बताया, ''मैं ठाणे में पली-बढ़ी और बचपन से ही रेडियो की दुनिया में काम करने का सपना देखती थी। इसी कारण मैंने रेडियो स्टेशन में इंटर्न के रूप में काम करना शुरू किया। उस समय फिल्म 'बैंग बैंग' रिलीज होने वाली थी और ऋतिक रोशन फिल्म के प्रमोशन के लिए वहां आए थे।''
प्राजक्ता ने आगे कहा, ''जब भी कोई अभिनेता फिल्म के प्रमोशन के लिए आता था, तो वहां एक परंपरा थी कि टीम उस अभिनेता के गानों पर डांस करती थी। मैं उस समय इंटर्न थी, इसलिए मुझे भी डांस करने के लिए कहा गया। यह मेरे लिए खास था, क्योंकि मैं ऋतिक रोशन की बड़ी फैन थी। मैंने उनके साथ परफॉर्म किया। उस दौरान ऋतिक की टीम में सुदीप भी थे।''
उन्होंने बताया, ''डांस के बाद सुदीप ने मेरा ऋतिक के साथ एक छोटा सा वीडियो भी शूट किया। उस समय मुझे नहीं लगा कि इस वीडियो से कुछ होगा। लेकिन इसी वीडियो ने मेरे लिए एक नया रास्ता खोला। सुदीप ने मुझसे पूछा कि क्या मैं ऐसे वीडियो बनाती हूं। मैंने कहा कि नहीं, मैं ऐसा कुछ नहीं करती।''
प्राजक्ता ने आगे कहा, ''सुदीप ने मुझे अपना कार्ड दिया और सलाह दी कि मुझे यूट्यूब के लिए कंटेंट बनाना चाहिए। उस समय मुझे यूट्यूब के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। मेरा मुख्य लक्ष्य रेडियो जॉकी बनना था।''
उन्होंने अपने आर्थिक हालात को भी याद किया। प्राजक्ता ने कहा, "मैं इंटर्न थी और ज्यादा पैसे नहीं कमा रही थी। उस समय मुझे स्काइप का इस्तेमाल करने में भी पैसे खर्च करने पड़ते थे। इसलिए यूट्यूब पर काम करना मेरे लिए करियर का अच्छा विकल्प नहीं लगा। मैं सोचती थी कि अगर मुझे रेडियो जॉकी की नौकरी नहीं मिली तो मैं प्रोड्यूसर बन जाऊंगी।"
लेकिन समय के साथ यूट्यूब का विचार उनके मन में बैठने लगा। आगे चलकर उन्होंने 'मोस्टली सेन' के नाम से कंटेंट बनाना शुरू किया। उनके रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े वीडियो दर्शकों को पसंद आने लगे और वह डिजिटल दुनिया में एक जाना-पहचाना नाम बन गईं। जिस प्लेटफॉर्म के बारे में उन्हें शुरुआत में जानकारी नहीं थी, वही उनके करियर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया।
प्राजक्ता ने अपने रेडियो के शुरुआती संघर्ष और माता-पिता के समर्थन के बारे में भी बात की। कंटेंट क्रिएशन के बाद उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा और 'मिसमैच्ड' से पहचान बनाई। इसके अलावा, वह यूट्यूब के 'क्रिएटर्स फॉर चेंज' प्रोग्राम का हिस्सा बनीं और मिशेल ओबामा के साथ भी काम किया।
.png)