पायल रोहतगी ने इमरान खान को क्यों कहा 'बेरोजगार अभिनेता'? जानें पूरी कहानी!
पायल रोहतगी का इमरान खान पर हमला
मुंबई, 15 अक्टूबर। लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री से दूर रहने वाली अभिनेत्री पायल रोहतगी ने अभिनेता इमरान खान पर तीखा कटाक्ष किया है। इमरान खान हाल ही में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शनों में शामिल हुए थे। पायल ने उन्हें 'बेरोजगार अभिनेता' करार देते हुए कहा कि उन्हें राजनीति की समझ नहीं है।
इमरान खान 10 अक्टूबर को अगस्त क्रांति मैदान में हुए प्रदर्शन में शामिल हुए थे, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। बाद में यह जानकारी मिली कि वह भारतीय नागरिक नहीं हैं, बल्कि उनके पास 'ओवरसीज सिटीजनशिप ऑफ इंडिया' (ओसीआई) है।
पायल ने मीडिया से बातचीत में कहा, "उन्हें समझना चाहिए कि ऐसी बेवकूफी भरी हरकतें नहीं करनी चाहिए। वह भारतीय नागरिक नहीं हैं, बल्कि अमेरिकी नागरिक हैं। आप अमेरिका के नागरिक हैं, फिर भी भारत में रहकर काम कर रहे हैं और शादी कर ली है... लेकिन शायद आपने वीजा नहीं लिया है, या फिर हो सकता है कि उनका तलाक हो गया हो।"
उन्होंने आगे कहा, "आप विरोध प्रदर्शन में क्यों जा रहे हैं? कई ऐसे अभिनेता जो काम नहीं कर रहे हैं, वे ऐसे प्रदर्शनों में इसलिए जाते हैं ताकि उन्हें थोड़ी पब्लिसिटी मिल सके। क्योंकि वहां मीडिया की मौजूदगी होती है, इसलिए कई बेरोजगार अभिनेता वहां पहुंच जाते हैं।"
इससे पहले खबर आई थी कि जिस अभिनेता को फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (एफआरआरओ) ने 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का आदेश दिया है, वह इस नोटिस को चुनौती देने के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
उन्हें भारत छोड़ने का आदेश इसलिए दिया गया क्योंकि उन पर हाल ही में अगस्त क्रांति मैदान में हुए प्रदर्शनों में गैर-कानूनी तरीके से शामिल होने का आरोप है। इन प्रदर्शनों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी।
एफआरआरओ ने अपने आदेश में कहा कि इमरान ने प्रदर्शनों में भाग लेकर 'फॉरेनर्स एक्ट' का उल्लंघन किया है, क्योंकि वह भारतीय नागरिक नहीं हैं।
ज्ञात हो कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए एक प्रदर्शन में शामिल होने के कुछ दिनों बाद ही इमरान को देश छोड़ने का नोटिस जारी किया गया। उनके खिलाफ 'इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट' की धारा 7 और 29 के तहत कार्रवाई की गई है।
.png)