पवित्रा पुनिया ने ट्रोलर्स को लगाई लताड़, कहा- 'यह तुम्हारी रसोई नहीं है!'
पवित्रा पुनिया का ट्रोलर्स पर कड़ा बयान
मुंबई, 30 अप्रैल। अभिनेत्री पवित्रा पुनिया ने सोशल मीडिया पर एक्टर्स की सर्जरी को लेकर ट्रोलिंग करने वालों के खिलाफ अपनी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने ट्रोलर्स और कुछ मीडिया पेजों को चेतावनी दी है कि वे एक्टर्स की निजी जिंदगी में दखल देना बंद करें।
हाल के दिनों में कई कलाकारों को उनके लुक के लिए सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया है, जिसके खिलाफ पवित्रा ने खुलकर अपनी आवाज उठाई है। एक वीडियो में, वह स्पष्ट रूप से कहती हैं कि एक्टर्स ने सर्जरी करवाने के लिए न तो उनसे सलाह ली है और न ही पैसे।
पवित्रा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें मौनी रॉय की 'द डेविल वियर्स प्राडा 2' स्क्रीनिंग की तस्वीर भी शामिल है। वीडियो में उन्होंने कहा, “सभी ट्रोलर्स से – एक्टर्स को परेशान करना और ट्रोल करना बंद करो। यह तुम्हारी रसोई नहीं है और न ही तुम्हारा खाना है।”
अभिनेत्री ने यह भी कहा कि कुछ लोग लगातार एक्टर्स पर टिप्पणी करते हैं कि उन्होंने कितनी सर्जरी करवाई है। पवित्रा ने कहा कि किसी भी एक्टर ने कितनी भी सर्जरी करवाई हो, वे उनकी सलाह लेने नहीं आते और न ही उनसे पैसे लेते हैं।
उन्होंने कहा, “कम से कम कुछ लोग तो ईमानदारी से कहते हैं कि हां, हम सर्जरी करवा रहे हैं। अगर तुम्हें या तुम्हारे परिवार को करवानी है तो बेझिझक करवाओ, लेकिन ट्रोल मत करो। बस चुप रहो।”
पवित्रा ने मीडिया पेजों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे तस्वीरें लगाकर दोहरे अर्थ वाले कैप्शन लिखते हैं, जिससे दर्शक अटकलें लगाते हैं और उनका एंगेजमेंट बढ़ता है। उन्होंने अपील की कि ऐसे लोग यह सब करना बंद करें। कैप्शन में पवित्रा ने लिखा, “कुछ तो शर्म बची होगी या सिर्फ ट्रोलिंग की ही सैलरी मिलती है तुम लोगों को भाई?”
.png)