दीया मिर्जा के पर्यावरण-अनुकूल दीपावली वीडियो पर विवाद: शिवसेना और एनसीपी की प्रतिक्रिया
दीया मिर्जा का वीडियो विवाद
मुंबई, 3 नवंबर। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा अभिनेत्री दीया मिर्जा के पर्यावरण-अनुकूल और पटाखा-मुक्त दीपावली को बढ़ावा देने वाले जागरूकता वीडियो को हटाने के बाद विवाद बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। शिवसेना के नेता आनंद दुबे ने वीडियो का विरोध किया है, जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने दीया मिर्जा का समर्थन किया है।
शिवसेना के प्रवक्ता आनंद दुबे ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कलाकारों को लोगों को ज्ञान देने के बजाय अपने कला प्रदर्शन पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा, "दीपावली का पर्व सभी हिंदुओं के लिए महत्वपूर्ण है, और हमें यह जानने की जरूरत नहीं है कि इसे कैसे मनाना है। हमारी संस्कृति और पर्यावरण की रक्षा के बारे में हमें अच्छी तरह से पता है।"
दुबे ने यह भी कहा कि कलाकारों को अपने काम पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए और त्योहार मनाने के तरीके पर किसी से प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है।
वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने कहा कि दीया मिर्जा ने उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन किया है। उन्होंने बताया कि दीया ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पर वीडियो जारी नहीं किया, बल्कि बीएमसी के किसी अधिकारी ने उनसे वीडियो बनाने के लिए संपर्क किया था।
क्रैस्टो ने कहा, "जब दीया मिर्जा को संपर्क किया गया, तब बीएमसी की मेयर ऋतु रावडे को इसकी जानकारी नहीं थी। इससे यह स्पष्ट होता है कि बीएमसी में विभिन्न समूह हैं जो मेयर को जानकारी नहीं देते।"
उन्होंने यह भी कहा कि इसी तरह का वीडियो माधुरी दीक्षित और अजिंक्य रहाणे ने भी बनाया था, और इस वीडियो को लेकर विवाद बढ़ाना उचित नहीं है। "दीपावली का त्योहार सभी के लिए खुशी का अवसर है, और भाजपा द्वारा इस तरह की बातें करना गलत है। दीया मिर्जा ने कोई गलती नहीं की है।"
.png)