दिवाली की यादों में खोए बाबिल खान: पिता इरफान की कहानियों का जादू
बाबिल खान की दिवाली की यादें
मुंबई, 9 नवंबर। अभिनेता बाबिल खान ने अपने बचपन की दिवाली से जुड़ी कुछ यादें साझा की हैं। उन्होंने बताया कि दिवाली का त्योहार उनके लिए मिठाइयों की खुशबू, दोस्तों के साथ मस्ती और अपने पिता, दिवंगत अभिनेता इरफान खान के साथ बिताए गए खास लम्हों से भरा होता था।
बाबिल ने एक बातचीत में कहा कि समय के साथ उनके दिवाली मनाने का तरीका काफी बदल गया है। अब वह बड़े जश्न और शोर-शराबे के बजाय अपने करीबी दोस्तों और परिवार के साथ शांति से समय बिताना पसंद करते हैं।
उन्होंने कहा, ''बचपन में दिवाली का अपना जादू होता था। त्योहार से पहले ही घर में मिठाइयों की खुशबू फैल जाती थी। दोस्तों के साथ भागदौड़ करना, रात के खाने से पहले मिठाइयों की संख्या पर मोलभाव करना और बाबा की मजेदार कहानियों से पूरे कमरे को रोशन करना, ये सब खास यादें हैं।''
बाबिल ने आगे बताया कि अब दिवाली का माहौल उनके लिए पहले से ज्यादा शांत और सुकून भरा हो गया है। बाहर का शोर कम हो गया है और अब त्योहार का मतलब भागदौड़ या शोर नहीं है। वह घर में ऐसा माहौल बनाना पसंद करते हैं, जहां करीबी दोस्त और परिवार आराम से बैठ सकें, जूते उतारकर कालीन पर बैठें, अच्छा संगीत सुनें और साथ में खाना खाएं।
बाबिल के करियर की बात करें तो उन्होंने अपने सफर की शुरुआत कैमरा असिस्टेंट के रूप में की थी। वह बॉलीवुड फिल्म 'करीब करीब सिंगल' से जुड़े थे। इसके बाद 2022 में उन्होंने अन्विता दत्त की फिल्म 'कला' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा। इस फिल्म में उनके साथ तृप्ति डिमरी थीं।
2023 में बाबिल फिल्म 'फ्राइडे नाइट प्लान' में नजर आए, जहां उन्होंने जूही चावला के बेटे सिद्धार्थ मेनन का किरदार निभाया। इसके बाद वह वेब सीरीज 'द रेलवे मेन' में भी दिखाई दिए, जो भोपाल गैस त्रासदी पर आधारित है। इस सीरीज में दिव्येंदु शर्मा, केके मेनन और आर. माधवन भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में थे।
मई 2025 में बाबिल तब चर्चा में आए जब उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट कर दिया।
.png)