दिल्ली में मशहूर संगीतकार रवि डे की दर्दनाक मौत: शव पांच दिन तक पड़ा रहा
दिल्ली में संगीतकार की रहस्यमय मौत
नई दिल्ली, 18 अगस्त। दिल्ली के कालकाजी थाना क्षेत्र के गोविंदपुरी एक्सटेंशन से एक दुखद घटना सामने आई है। प्रसिद्ध संगीतकार रवि डे का शव उनके किराए के घर में लगभग पांच दिनों तक पड़ा रहा। जब घर से तेज दुर्गंध आने लगी, तब पड़ोसियों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का ताला तोड़कर शव को बाहर निकाला।
रवि डे गोविंदपुरी एक्सटेंशन में अकेले रहते थे। उनकी मृत्यु के बाद, उनके परिवार के किसी सदस्य ने उनकी खबर नहीं ली, जिसके कारण शव सड़ने लगा था।
14 अगस्त को जब मकान से बदबू आने लगी, तब स्थानीय निवासियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां रवि डे का शव पाया गया, जो काफी हद तक सड़ चुका था और उसमें कीड़े लग चुके थे।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 16 अगस्त को शव का पोस्टमार्टम किया गया।
सूत्रों के अनुसार, शुरुआत में रवि डे के बेटों ने पुलिस को बताया कि उनका अपने पिता से कोई संबंध नहीं है और वे शव लेने के लिए भी नहीं आए। लेकिन बाद में पुलिस अधिकारियों के समझाने पर परिजन आगे आए। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव उनके बेटों को सौंप दिया गया।
इस समय, पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे सामान्य मौत का मामला माना जा रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा।
हाल ही में सोनीपत से भी एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया था, जहां आश्रम में रह रहे एक बुजुर्ग की मृत्यु के बाद उनकी तीन बेटियों में से कोई भी अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुई थी। एक बेटी का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह अंतिम संस्कार को वीडियो कॉल पर देख रही थी।
.png)