दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट के लिए ट्रैफिक पुलिस ने की खास तैयारियां!
इंदौर में दिलजीत का कॉन्सर्ट: ट्रैफिक डायवर्जन की योजना
इंदौर, 14 नवंबर। पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट 15 नवंबर को इंदौर में आयोजित होने जा रहा है, जिसके लिए यातायात पुलिस ने विशेष प्रबंध किए हैं। भारी भीड़ और वाहनों के दबाव को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन की योजना बनाई गई है। एसीपी ट्रैफिक जोन-2, लाल बहादुर बौद्ध ने बताया कि यह डायवर्जन पिछले आयोजनों के अनुभवों के आधार पर तैयार किया गया है, जिसमें आवश्यक सुधार भी किए गए हैं।
एसीपी ने बताया कि 15 नवंबर को शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा, और आवश्यकता पड़ने पर इसे बढ़ाया भी जा सकता है। इस दौरान मुख्य रूप से भारी वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा, ताकि कॉन्सर्ट स्थल के आसपास यातायात सुचारू बना रहे और आम लोगों को कोई परेशानी न हो।
ट्रैफिक योजना के अनुसार, रेडिसन चौराहे से स्टार चौराहे की ओर जाने वाले सभी प्रकार के भारी वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा, जिसमें ट्रक, बस और अन्य भारी वाहन शामिल हैं। पुलिस ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
इसके अलावा, बिचौली और कनाड़िया की ओर से आने वाली यात्री बसों, इंटरसिटी बसों और स्लीपर बसों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। कॉन्सर्ट के दौरान इन बसों को इस ओर आने की अनुमति नहीं होगी। इसके बजाय, इन्हें मॉल के पास से नए ब्रिज के ऊपर से जाना होगा। यात्रियों को वाटर लिली और पीसीएल के पास पिकअप और ड्रॉप की सुविधा दी जाएगी, जिससे कॉन्सर्ट स्थल के पास जाम की स्थिति नहीं बनेगी। देवास नाका से रेडिसन की ओर आने वाले भारी वाहनों और ट्रकों को भी डायवर्ट किया जाएगा।
स्थानीय पार्किंग व्यवस्था के लिए आयोजकों द्वारा 200 वॉलंटियर्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यातायात पुलिस इन्हें ब्रीफ करके पार्किंग व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन में तैनात करेगी। इसके अलावा, यातायात पुलिस के 100 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी भी इस काम में लगे रहेंगे, जो आउटर और इनर गार्डन सहित पूरे क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखेंगे।
.png)