दलेर मेहंदी के समर्थन में उतरीं मधु श्री, जानें क्या कहा!
दलेर मेहंदी के विवाद में मधु श्री का समर्थन
मुंबई, 22 अक्टूबर। हाल ही में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुए विवाद में सिंगर मधु श्री ने दलेर का समर्थन किया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह दलेर मेहंदी की बड़ी प्रशंसक हैं और उन्हें एक अद्भुत गायक मानती हैं। मधु ने यह भी कहा कि उन्होंने कभी दलेर को शराब पीते हुए नहीं देखा। कार्यक्रम के दौरान दलेर को मंच पर फटकार लगाई गई, जिस पर मधु ने कहा कि यह उचित नहीं था।
मधु श्री ने दलेर मेहंदी के समर्थन में कहा, ''मैं दलेर मेहंदी की बहुत बड़ी फैन हूं। वह एक कमाल के गायक हैं। मैंने उनके साथ लंदन में एक कार्यक्रम में भाग लिया था, जहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया।''
उन्होंने आगे कहा, ''जब मुझे पता चला कि दलेर को एक कार्यक्रम में फटकार लगाई गई, तो मुझे यह बात अच्छी नहीं लगी।''
सिंगर ने अपनी बात रखते हुए कहा, ''कोई भी व्यक्ति कभी भी बीमार हो सकता है और बीमारी के दौरान उनकी स्थिति सामान्य नहीं रहती। खासकर सिंगर्स के लिए। हमें कई बार बीमार होने पर भी कार्यक्रम करने जाना पड़ता है। मुझे नहीं पता कि पूरा मामला क्या है, लेकिन जो हुआ, वह ठीक नहीं था।''
यह विवाद 19 अक्टूबर को उत्तराखंड के नई टिहरी में आयोजित कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के दौरान हुआ, जहां दलेर मेहंदी को परफॉर्म करने के लिए बुलाया गया था। कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर की परफॉर्मेंस पर नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि वह शराब पीकर आए हैं और लिप-सिंक कर रहे हैं।
इस विवाद के बाद, दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह ने उनका बचाव किया और कहा कि दलेर की तबीयत ठीक नहीं थी। उन्होंने शराब पीने के आरोपों पर भी सवाल उठाए।
अनुपम खेर ने भी दलेर मेहंदी का समर्थन करते हुए कहा कि वह उन्हें पिछले 25 से 30 साल से जानते हैं और कभी भी उन्हें शराब पीते नहीं देखा। अगर परफॉर्मेंस को लेकर कोई शिकायत थी, तो उसे सम्मानपूर्वक उठाया जाना चाहिए था।
विवाद के बीच, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर इस घटना पर चिंता जताई। फेडरेशन ने कहा कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में किसी कलाकार की परफॉर्मेंस को लेकर कोई समस्या हो, तो उसे समझदारी से सुलझाया जाना चाहिए।
सुबोध उनियाल ने कहा कि अगर दलेर की तबीयत ठीक नहीं थी, तो उन्हें आयोजकों को पहले ही सूचित करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि उनका दलेर से कोई व्यक्तिगत परेशानी नहीं है और न ही उनका उन्हें ठेस पहुंचाने का इरादा था।
.png)