चिरंजीवी ने AI और डीपफेक के खतरे पर उठाई आवाज, केंद्रीय मंत्री को सौंपा ज्ञापन
चिरंजीवी की चिंता: AI और डिजिटल पहचान का गलत इस्तेमाल
मुंबई, 16 नवंबर। साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता चिरंजीवी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डीपफेक और डिजिटल पहचान के दुरुपयोग को लेकर अपनी चिंताओं को एक बार फिर व्यक्त किया है।
उन्होंने हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हुई मुलाकात के बाद, उनकी सलाह पर केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी को एक ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन केंद्रीय गृह मंत्रालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को संबोधित किया गया है, जिसमें एआई और डीपफेक के दुरुपयोग को रोकने के लिए ठोस सुरक्षा उपायों की मांग की गई है।
चिरंजीवी ने अपनी पोस्ट में लिखा, ''केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हाल में हुई मुलाकात के बाद, मैंने जी. किशन रेड्डी को एक ज्ञापन सौंपा है। इसमें एआई के दुरुपयोग, डीपफेक और डिजिटल पहचान की नकल को रोकने के लिए और अधिक मजबूत सुरक्षा उपायों की आवश्यकता पर जोर दिया गया है।''
उन्होंने आगे कहा, ''मैं किशन रेड्डी का आभारी हूं कि उन्होंने इस मुद्दे को संबंधित मंत्रालयों के साथ मिलकर आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया है। कलाकारों की गरिमा, पहचान और रचनात्मक अधिकारों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। तकनीक का उपयोग रचनात्मकता को बढ़ाने के लिए होना चाहिए, न कि किसी की गरिमा को नुकसान पहुंचाने के लिए।''
चिरंजीवी ने अपने बेटे और अभिनेता राम चरण के साथ 2 नवंबर को हैदराबाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने एआई और डीपफेक तकनीक के दुरुपयोग पर चिंता व्यक्त की थी।
इस मुलाकात के बाद, चिरंजीवी ने सोशल मीडिया पर बताया कि अमित शाह ने उनकी चिंताओं को गंभीरता से लिया और इस मुद्दे पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार इस मामले की जल्द जांच करेगी और एआई तथा डीपफेक के दुरुपयोग को रोकने के लिए सख्त सुरक्षा नियमों और दंड के प्रावधानों पर विचार करेगी।
.png)