क्या सोमी अली ढूंढ पाएंगी राज किरण को? जानें इस बॉलीवुड अभिनेता की गुमशुदगी की कहानी
राज किरण की गुमशुदगी की कहानी
मुंबई, 12 अप्रैल। बॉलीवुड में कई ऐसे सितारे रहे हैं जिन्होंने एक समय पर अपनी पहचान बनाई, लेकिन बाद में वे गुमनामी में खो गए। ऐसा ही एक मामला अभिनेता राज किरण का है, जिनका आज तक कोई ठोस पता नहीं चल पाया है। इस बीच, अभिनेत्री सोमी अली उनकी खोज में जुटी हुई हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने पुरानी यादों को ताजा करते हुए लोगों से मदद मांगी है।
सोमी अली ने अपने पोस्ट में राज किरण के साथ बिताए शूटिंग के दिनों को याद किया और बताया कि उनकी फिल्म 'अर्थ' उनके लिए बेहद खास है, और वह आज भी इसे अपनी पसंदीदा फिल्मों में शामिल करती हैं।
उन्होंने लिखा, ''राज किरण जी, आप कहां हैं? आपकी फिल्म 'अर्थ' हमेशा से मेरी पसंदीदा रही है। उन दिनों की हंसी और साथ बिताए पल मेरे दिल में एक खजाने की तरह हैं।''
सोमी ने अपनी पोस्ट में उनकी आखिरी फिल्म 'अग्निचक्र' का भी जिक्र किया, जिसमें दोनों ने साथ काम किया था। उन्होंने कहा, ''इस फिल्म की शूटिंग के दौरान बने रिश्ते और यादें आज भी मुझे जोड़कर रखती हैं।''
सोमी अली ने आगे बताया, ''मुझे पता चला था कि राज किरण को आखिरी बार अटलांटा में देखा गया था। इसी उम्मीद में मैं कई बार वहां जा चुकी हूं, लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। मैं सभी से अनुरोध करती हूं कि अगर किसी को उनके बारे में कुछ पता हो तो मुझे जरूर बताएं।''
उन्होंने कहा, ''कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं जिन्हें फिर से जोड़ना बहुत जरूरी होता है। प्यार और उम्मीद के साथ... सोमी अली''
राज किरण के फिल्मी करियर की बात करें तो उन्होंने 'कर्ज', 'तेरी मेहरबानियां', 'घर हो तो ऐसा' और 'बुलंदी' जैसी फिल्मों में काम किया। वह एक रोमांटिक हीरो के रूप में दर्शकों के बीच लोकप्रिय हुए, लेकिन धीरे-धीरे साइड हीरो के रूप में टाइपकास्ट होने लगे।
समय के साथ उनके करियर में गिरावट आई और निजी जीवन में भी कई समस्याएं आईं। खबरों के अनुसार, वह मानसिक तनाव से जूझने लगे और पारिवारिक समस्याओं ने भी उन्हें प्रभावित किया। कहा जाता है कि उन्हें मुंबई के बायकुला मानसिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद उन्होंने सब कुछ छोड़कर विदेश जाने का निर्णय लिया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद वह अचानक गायब हो गए और फिर कभी कोई जानकारी नहीं मिली।
.png)