क्या रियलिटी शो से बढ़ती है कलाकारों की लोकप्रियता? ईशा सिंह ने किया खुलासा
ईशा सिंह का रियलिटी शो पर नजरिया
मुंबई, 16 जुलाई। टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री ईशा सिंह हाल ही में 'बिग बॉस 18' में अपनी उपस्थिति के चलते चर्चा में हैं। उन्होंने रियलिटी शो और अभिनय की दुनिया के बीच के अंतर पर अपने विचार साझा किए हैं। उनका मानना है कि रियलिटी शो दर्शकों को कलाकार के असली व्यक्तित्व को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। जब कोई कलाकार इस तरह के शो में भाग लेता है, तो दर्शक उसे उसके निभाए गए किरदारों से अलग एक इंसान के रूप में देख पाते हैं।
ईशा ने एक इंटरव्यू में कहा, ''मुझे नहीं पता कि रियलिटी शो किसी कलाकार की लोकप्रियता को कितना बढ़ाते हैं, लेकिन दर्शकों को अपने पसंदीदा सितारों की निजी जिंदगी के बारे में जानने में हमेशा रुचि रहती है। लोग बिहाइंड द सीन्स जैसी चीजें इसलिए देखना पसंद करते हैं, क्योंकि वे कलाकार को और करीब से जानना चाहते हैं।''
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, ''दर्शक मेरे किरदारों जैसे जुही और सैयम को जानते हैं, लेकिन असल जिंदगी में ईशा कैसी हैं, यह जानने का मौका रियलिटी शो से ही मिलता है। रियलिटी शो में कोई किरदार नहीं होता और न ही कोई अभिनय का पर्दा होता है, बल्कि वहां कलाकार खुद के रूप में सामने आता है।''
ईशा ने आगे कहा, ''यही कारण है कि दर्शकों का कलाकारों के साथ एक अलग जुड़ाव बन जाता है। लोग सिर्फ किसी कलाकार का काम ही नहीं देखना चाहते, बल्कि यह भी जानना चाहते हैं कि वह अपनी निजी जिंदगी में कैसा है। दर्शकों को यह जानने में भी दिलचस्पी होती है कि कोई कलाकार क्या पहनता है, कैसे तैयार होता है, क्या खाता है और उसका व्यवहार कैसा है।''
उन्होंने स्पष्ट किया, ''रियलिटी शो और फिक्शन शो दो अलग-अलग चीजें हैं। दोनों का अपना महत्व और दर्शक वर्ग होता है। रियलिटी शो में कलाकार का निजी पक्ष सामने आता है, जबकि अभिनय में कलाकार किसी कहानी और किरदार को जीता है। रियलिटी शो की अपनी अलग ऑडियंस होती है। आजकल कई प्रकार के रियलिटी शो बनाए जा रहे हैं, लेकिन एक्टिंग एक पूरी तरह अलग क्षेत्र है।''
ईशा सिंह ने 2015 में कलर्स टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक 'इश्क का रंग सफेद' से अपने करियर की शुरुआत की थी। इस शो में उनके अभिनय को दर्शकों ने सराहा। इसके बाद उन्होंने 'इश्क सुभान अल्लाह' और 'सिर्फ तुम' जैसे रोमांटिक ड्रामा में भी काम किया।
अब उन्हें 'बिग बॉस 18' से नई पहचान मिली है और वर्तमान में वह कलर्स टीवी के शो 'जुही मुई' में नजर आ रही हैं।
.png)