Movie prime

कीर्ति कुल्हारी की पहली प्रोड्यूस की गई फिल्म 'किनारे' का धर्मशाला फिल्म फेस्टिवल में शानदार प्रीमियर!

अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी ने अपनी पहली प्रोड्यूस की गई फिल्म 'किनारे' का वर्ल्ड प्रीमियर धर्मशाला इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में किया। इस फिल्म में पारिवारिक रिश्तों और अनकहे रहस्यों की संवेदनशील कहानी को दर्शाया गया है। जानें इस फिल्म के बारे में और क्या खास है!
 

धर्मशाला में 'किनारे' का वर्ल्ड प्रीमियर




मुंबई, 10 नवंबर। अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी ने अपनी पहली प्रोड्यूस की गई फीचर फिल्म 'किनारे' के वर्ल्ड प्रीमियर के लिए 15वें धर्मशाला इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भाग लिया। उन्होंने इस बात की जानकारी मंगलवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की।


कीर्ति ने इंस्टाग्राम पर प्रीमियर के दौरान की कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिसमें फिल्म की पूरी टीम उनके साथ नजर आ रही है। इस पोस्ट के माध्यम से उन्होंने डीआईएफएफ में शामिल होने की खुशी व्यक्त की और सभी का आभार भी जताया।


उन्होंने लिखा, "10 दिन बाद भी वो एहसास आज भी उतना ही ताजा है, जितना उस दिन था, जिस दिन हमने अपनी छोटी-सी फिल्म 'किनारे' का प्रीमियर धर्मशाला इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 में किया था। डीआईएफएफ, आपका धन्यवाद।"


कीर्ति ने आगे कहा, "पिक्चर टाइम डिजीप्लेक्स, मेरी टीम को धन्यवाद। मुझ पर विश्वास करने और मेरे साथ खड़े रहने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। आज हम यहां हैं, इसकी वजह आप सब हैं।"


यह फिल्म 30 अक्टूबर को अपर धर्मशाला के तिब्बती चिल्ड्रंस विलेज में आयोजित फिल्म फेस्टिवल के दौरान प्रदर्शित की गई थी।


कीर्ति कुल्हारी ने 'किनारे' के साथ प्रोड्यूसर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की है। इस फिल्म का निर्माण उन्होंने अपने प्रोडक्शन बैनर 'किंटसुकुरोई फिल्म्स' के तहत अभिषेक कोका और मानसी गुप्ते के सहयोग से किया है। फिल्म में कीर्ति के साथ राजीव सिद्धार्थ, अलका अमीन और रवि तनेजा भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।


फिल्म का निर्देशन अकबर कादरी और आजम कादरी ने किया है, और यह पारिवारिक रिश्तों, अनकहे रहस्यों और अतीत को स्वीकार कर शांति पाने की संवेदनशील कहानी को दर्शाती है।


कहानी दिल्ली के पास के एक शांत गांव में सेट है, जहां अमीना (कीर्ति कुल्हारी) नाम की एक अकेली महिला अपने बुजुर्ग माता-पिता और घर की देखभाल में जीवन व्यतीत करती है। अमीना की साधारण जिंदगी में बदलाव तब आता है जब उसका कजिन भाई आजम (राजीव सिद्धार्थ) 15 साल बाद अचानक उससे मिलने गांव आता है। इस मुलाकात से परिवार के अतीत और पुराने राज फिर से ताजा हो जाते हैं, जिन्होंने कभी परिवार को तोड़ दिया था।


OTT