Movie prime

किशोर कुमार ने पहली मुलाकात में लीना चंदावरकर को किया था शादी का प्रस्ताव, जानें क्या हुआ?

किशोर कुमार की पहली मुलाकात में लीना चंदावरकर को शादी का प्रस्ताव देने की कहानी सुनकर आप चौंक जाएंगे। जानें इस दिलचस्प किस्से के पीछे की सच्चाई और कैसे किशोर ने अपनी हंसी-मजाक से माहौल को हल्का किया। इस लेख में किशोर कुमार की निजी जिंदगी के कुछ अनकहे पहलुओं पर भी चर्चा की गई है।
 

किशोर कुमार और लीना चंदावरकर की पहली मुलाकात




मुंबई, 29 जून। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर गायक और अभिनेता किशोर कुमार की निजी जिंदगी हमेशा से चर्चा का विषय रही है। हाल ही में उनकी पत्नी और जानी-मानी अभिनेत्री लीना चंदावरकर ने एक पुरानी याद साझा की।


लीना ने बताया कि जब उनकी पहली बार किशोर कुमार से मुलाकात हुई, तो उन्होंने अचानक शादी का प्रस्ताव रख दिया। उस समय लीना ने मजाक में उनका प्रस्ताव ठुकरा दिया। यह किस्सा उन्होंने सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' के मंच पर साझा किया, जहां वह अपने बेटे सुमित कुमार के साथ गई थीं।


शो के होस्ट आदित्य नारायण ने लीना से पूछा कि क्या यह सच है कि किशोर कुमार ने पहली मुलाकात में उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया था और उन्होंने इसे ठुकरा दिया था। इस पर लीना ने मुस्कुराते हुए कहा कि हां, यह सच है, और वह आज भी उस पल को याद करती हैं।


लीना ने कहा, "पहली मुलाकात में किशोर कुमार ने मुझसे कहा कि वह मुझे अपनी फिल्म में कास्ट करना चाहते हैं। बातचीत सामान्य थी, तभी उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मैं भविष्य में शादी करना चाहूंगी। मैंने कहा, 'अगर सही समय और सही व्यक्ति मिला तो जरूर।' यह सुनकर किशोर कुमार ने हंसते हुए कहा, 'तो मेरा प्रस्ताव सबसे पहले समझिए।'


लीना ने आगे कहा, "यह सुनकर मैं चौंक गई। मैंने कहा, 'क्या आप हर अभिनेत्री से शादी कर लेते हैं, जिसके साथ फिल्म करते हैं?'"


उन्होंने बताया कि किशोर कुमार पहले ही मधुबाला और बाद में योगिता बाली से शादी कर चुके थे। इस पर लीना को आश्चर्य हुआ कि वह सिर्फ फिल्म का ऑफर देने आए थे, तो अचानक शादी की बात क्यों करने लगे।


लीना ने कहा, "किशोर कुमार ने मेरी बात सुनकर नाराज नहीं हुए। उन्होंने कहा, 'अच्छा बाबा, ठीक है... शादी का प्रस्ताव कैंसिल कर देते हैं।' वह हर बात को हंसी में बदल देते थे।"


लीना ने एक और किस्सा साझा किया, "एक दिन किशोर कुमार के ड्राइवर अब्दुल मेरे घर आए और कहा कि किशोर मुझसे फोन पर बात करना चाहते हैं। इसके बाद मैं उनके बंगले गई। वहां उन्होंने मुझे कई फिल्मों की कहानियां सुनाईं और 'प्यार अजनबी है' फिल्म के बारे में बताया। उस समय मैं अपनी निजी जिंदगी के कठिन दौर से गुजर रही थी। किशोर कुमार से मुलाकात ने मुझे नई प्रेरणा दी।"


उन्होंने कहा कि किशोर कुमार हर परिस्थिति को हल्का कर देते थे और उनकी बातें लोगों के दिलों में जगह बना लेती थीं।


किशोर कुमार की निजी जिंदगी की बात करें तो उनकी पहली शादी 1951 में गायिका रूमा गुहा ठाकुरता से हुई थी, जिससे उनके बेटे अमित कुमार का जन्म हुआ। इसके बाद 1960 में उन्होंने मधुबाला से शादी की, जो दिल की गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं। किशोर उनके अंतिम समय तक उनके साथ रहे। 1969 में मधुबाला का निधन हो गया।


इसके बाद किशोर कुमार ने 1976 में योगिता बाली से शादी की, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला। अंततः 1980 में उन्होंने लीना चंदावरकर से विवाह किया और दोनों ने जीवन के अंतिम समय तक एक-दूसरे का साथ निभाया। इस शादी से उनके बेटे सुमित कुमार का जन्म हुआ।


OTT