Movie prime

करण टैकर ने ठगी के मामले में दी चेतावनी, जानें क्या कहा?

अभिनेता करण टैकर ने हाल ही में एक ठगी के मामले में लोगों को चेतावनी दी है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग उनके नाम का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं और खुद को उनका मैनेजर बताकर ठगी करने की कोशिश कर रहे हैं। करण ने ऐसे संदिग्ध संपर्कों की रिपोर्ट करने की अपील की है। उनके प्रशंसकों ने भी सतर्क रहने की सलाह दी है। जानें करण के करियर के बारे में और उनकी हालिया परियोजनाओं के बारे में।
 

करण टैकर की ठगी के खिलाफ चेतावनी




मुंबई, 6 जुलाई। छोटे पर्दे से लेकर डिजिटल प्लेटफॉर्म तक अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता करण टैकर ने हाल ही में एक ठगी के मामले में लोगों को सतर्क किया है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग उनके नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं। ये लोग खुद को उनका मैनेजर बताकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और ठगी करने की कोशिश कर रहे हैं। करण ने ऐसे संदिग्ध संपर्कों की तुरंत रिपोर्ट करने की अपील की है।


अपने इंस्टाग्राम पर करण ने लिखा, "नमस्ते, नीचे दिए गए नंबरों का उपयोग करने वाला व्यक्ति खुद को मेरा मैनेजर बताकर धोखाधड़ी करने की कोशिश कर रहा है। यदि वे आपसे संपर्क करें, तो उन्हें तुरंत ब्लॉक करें और उनकी शिकायत करें। धन्यवाद।"


उन्होंने उन मोबाइल नंबरों की जानकारी भी साझा की, जिनका उपयोग कथित तौर पर ठगी के लिए किया जा रहा है।


करण की इस चेतावनी के बाद उनके प्रशंसकों ने भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। हाल के दिनों में कई कलाकारों के नाम का दुरुपयोग कर लोगों से पैसे वसूलने के मामले सामने आए हैं।


करण टैकर की बात करें तो उन्हें टीवी शो 'एक हजारों में मेरी बहना है' से पहचान मिली। इस शो ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया।


बाद में, उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी अपनी पहचान बनाई। चर्चित जासूसी सीरीज 'स्पेशल ऑप्स' में उन्होंने एक गुप्त खुफिया अधिकारी का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने सराहा।


इसके बाद, वह 'स्पेशल ऑप्स 1.5: द हिम्मत स्टोरी' में भी उसी किरदार में नजर आए। 2022 में, उन्होंने 'खाकी: द बिहार चैप्टर' में आईपीएस अधिकारी अमित लोढ़ा की भूमिका निभाकर प्रशंसा प्राप्त की। हाल ही में, करण टैकर रहस्य और रोमांच से भरपूर सीरीज 'भय: द गौरव तिवारी मिस्ट्री' में दिखाई दिए।


OTT