इब्राहिम अली खान ने छात्रों के समर्थन में उठाई आवाज, कहा- 'शिक्षा के लिए डर का माहौल नहीं होना चाहिए'
इब्राहिम अली खान की चिंता
मुंबई, 23 जुलाई। बॉलीवुड के अभिनेता सैफ अली खान के बेटे इब्राहिम अली खान इस बार अपने फिल्मी करियर की चर्चा से हटकर एक सामाजिक मुद्दे पर अपनी राय व्यक्त कर रहे हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा किए गए प्रदर्शन और छात्रों के विरोध को लेकर उन्होंने अपनी चिंता जाहिर की है। इब्राहिम ने सोशल मीडिया के माध्यम से छात्रों और उनके परिवारों के प्रति सहानुभूति प्रकट की।
इब्राहिम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तिरंगे की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ''छात्रों और उनके परिवारों को इस तरह की अशांति में देखना बहुत दुखद है। किसी को भी पढ़ाई जारी रखने या शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने के लिए डर का सामना नहीं करना चाहिए। हम सभी की अपनी राय हो सकती है, लेकिन मैं चाहता हूं कि सभी सुरक्षित रहें और इस स्थिति का समाधान बिना किसी और नुकसान के निकले। इस कठिन समय में प्रभावित सभी लोगों के लिए मैं हिम्मत की कामना करता हूं। जय हिंद।''
इब्राहिम के अलावा, फिल्म उद्योग के अन्य कलाकारों ने भी इस मुद्दे पर अपनी आवाज उठाई है। ऑस्कर विजेता साउंड डिजाइनर रसूल पुकुट्टी ने जंतर-मंतर पर हो रहे प्रदर्शन के बारे में अपनी बात साझा की। उन्होंने कहा कि पहले उन्हें लगता था कि ऐसे विरोध प्रदर्शन केवल विदेशों में होते हैं, लेकिन अब अपने देश में भी ऐसी गंभीर तस्वीरें सामने आ रही हैं।
रसूल ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, ''जब अमेरिका के मिनेसोटा में आईसीई विरोध प्रदर्शन हुआ था, तब हमें लगा था कि यह हमारी समस्या नहीं है। लेकिन अब जंतर-मंतर की तस्वीरें भी वैसी ही गंभीर लगती हैं। मेरे प्यारे जेनजी, आपने खामोशी को हिम्मत में और हिम्मत को उम्मीद में बदल दिया है। आपका यह विरोध एक धड़कती हुई कविता की तरह है।''
तमिल फिल्म अभिनेत्री दुशारा विजयन ने भी छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "सड़कों पर खड़े छात्रों को देखकर मेरा मन बहुत व्यथित है। हर पोस्टर के पीछे एक ऐसा छात्र है, जिसने अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत की है और ऐसे युवाओं को डर और बल प्रयोग का सामना करते देखना बेहद दुखद है।"
दुशारा ने कहा, ''हमारी राजनीतिक सोच चाहे जो भी हो, लेकिन हमें ऐसा समाज नहीं बनाना चाहिए जो अपने छात्रों की आवाज सुनना बंद कर दे। उनकी आवाज कोई खतरा नहीं है, बल्कि यह इस बात का संकेत है कि उम्मीद अभी भी जिंदा है। मैं सभी छात्रों की सुरक्षा और उनके सम्मान की कामना करती हूं। मेरा दिल उनके साथ है।''
बॉलीवुड के कई सितारे छात्रों के समर्थन में सामने आए हैं, जिनमें आलिया भट्ट, सलमान खान, सोनाक्षी सिन्हा जैसे कलाकार शामिल हैं।
.png)