आशा भोसले के जन्मदिन पर जैकी श्रॉफ ने साझा की यादें, जानें उनकी अनोखी यात्रा
आशा भोसले का जन्मदिन और जैकी श्रॉफ की यादें
मुंबई, 08 सितंबर (वेब वार्ता)। भारतीय संगीत की दिग्गज और प्रिय पार्श्वगायिका आशा भोसले का जन्मदिन मंगलवार को मनाया गया। इस खास अवसर पर अभिनेता जैकी श्रॉफ ने उन्हें याद किया।
जैकी ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर गायिका के साथ बिताए कुछ खास लम्हों की तस्वीरें साझा कीं, जिसमें उन्होंने आशा भोसले का गाया हुआ गीत ‘जहां में ऐसा कौन है’ भी शामिल किया। उन्होंने लिखा, “आशा भोसले।”
आशा भोसले का जन्म महाराष्ट्र के सांगली में पंडित दीनानाथ मंगेशकर के घर हुआ था। वह एक संगीत परिवार से ताल्लुक रखती हैं, जहां उनके पिता एक प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक और थिएटर कलाकार थे। उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर भी भारतीय संगीत की एक प्रमुख हस्ती हैं।
आशा ने बहुत कम उम्र में संगीत की शिक्षा ली और गाना शुरू किया। 1948 में फिल्म ‘चुनरिया’ के गीत ‘सावन आया’ से उन्होंने हिंदी सिनेमा में अपने करियर की शुरुआत की। शुरुआती दिनों में उन्हें ऐसे गाने मिले जो अन्य गायिकाएं नहीं गाना चाहती थीं, लेकिन उन्होंने अपनी मेहनत और अनोखी शैली से एक अलग पहचान बनाई।
उन्होंने शास्त्रीय संगीत, गजल, कैबरे, पॉप और रॉक जैसे विभिन्न संगीत शैलियों में महारत हासिल की। उनके कुछ प्रसिद्ध गीतों में ‘आजा आजा मैं हूं प्यार तेरा’, ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘दम मारो दम’, ‘चुरा लिया है तुमने जो दिल को’, और ‘इन आंखों की मस्ती’ शामिल हैं।
फिल्म ‘उमराव जान’ (1981) के गीत ‘इन आंखों की मस्ती’ के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ पार्श्वगायिका का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त हुआ।
आशा भोसले ने 16 वर्ष की आयु में अपने से बड़े गणपतराव भोसले से विवाह किया, जो उनके सचिव भी थे। यह विवाह ज्यादा समय तक नहीं चला और 1960 में उनका तलाक हो गया।
1980 में, उन्होंने प्रसिद्ध संगीतकार राहुल देव बर्मन (आर.डी. बर्मन) से दूसरी शादी की और उनके निधन तक, 1994 में, वे उनके साथ रहीं।
.png)