अली गोनी ने जैस्मिन भसीन के जन्मदिन पर अस्पताल में दी भावुक शुभकामनाएं
जन्मदिन का जश्न अस्पताल में
मुंबई, 28 जून। टेलीविजन के जाने-माने अभिनेता अली गोनी ने अपनी प्रेमिका और अभिनेत्री जैस्मिन भसीन के जन्मदिन पर उन्हें दिल से शुभकामनाएं दीं। जैस्मिन को एक गंभीर संक्रमण के चलते अपना विशेष दिन अस्पताल में बिताना पड़ा।
अली ने अपने इंस्टाग्राम पर एक भावुक संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने अस्पताल में जैस्मिन की कुछ तस्वीरें भी पोस्ट कीं। पहली तस्वीर में वह जैस्मिन को गले लगाते हुए नजर आए, जबकि दूसरी तस्वीर में जैस्मिन व्हीलचेयर पर बैठी दिखाई दीं।
उन्होंने लिखा, "जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं, जैस्मिन। हम तुम्हारा जन्मदिन मनाने आए थे, लेकिन जीवन ने कुछ और ही योजना बना रखी थी। खूबसूरत यादें बनाने के बजाय हम अस्पताल में हैं। तुम्हें दर्द में देखना मेरे लिए सबसे कठिन पल रहा है। मैं तुम्हें फिर से स्वस्थ और मुस्कुराते हुए देखने के लिए हर जश्न कुर्बान कर सकता हूं।"
अली ने आगे कहा, "अल्लाह तुम्हें हमेशा खुशियों, अच्छी सेहत, प्यार और सफलता से नवाजे। जल्दी ठीक हो जाओ, यही मेरी जन्मदिन की दुआ है। हैप्पी बर्थडे... मैं हमेशा तुमसे प्यार करता रहूंगा।"
एक अन्य पोस्ट में अली ने बताया कि वह जैस्मिन का जन्मदिन मनाने दुबई गए थे, लेकिन संक्रमण के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।
इस बीच, अली ने हाल ही में अपनी शादी की योजनाओं पर भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, "जब शादी करनी होगी, तो खुद सबको बता दूंगा। मेरे रिश्तेदार भी मुझसे उतना नहीं पूछते, जितना लोग इंस्टाग्राम पर पूछते हैं। अपना काम करो, खुश रहो और रहने दो।"
अली और जैस्मिन लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और उनकी जोड़ी टीवी इंडस्ट्री में काफी चर्चित है।
.png)