सुभाष घई ने जैकी श्रॉफ की यात्रा को किया याद, सोशल मीडिया पर छाया पोस्ट
सुभाष घई का भावुक संदेश
मुंबई, 7 मई। हिंदी फिल्म उद्योग में कई निर्देशक ऐसे हैं जिन्होंने नए कलाकारों को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इनमें से एक प्रमुख नाम सुभाष घई का है। हाल ही में उन्होंने अभिनेता जैकी श्रॉफ के लिए एक भावुक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने जैकी के संघर्ष, उनकी सफलता और उनके व्यक्तित्व की सराहना की। यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
सुभाष घई ने अपने लंबे करियर में कई नए चेहरों को अवसर दिया और उन्हें स्टार बनाया। उनकी फिल्मों ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल की, बल्कि कई कलाकारों के करियर को भी नई दिशा दी।
सुभाष घई ने इंस्टाग्राम पर जैकी श्रॉफ की एक तस्वीर साझा की, जिसमें जैकी के हाथ में 1983 में रिलीज हुई फिल्म 'हीरो' का पोस्टर है। यह वही फिल्म थी जिसने जैकी को रातोंरात स्टार बना दिया। इस तस्वीर को देखकर सुभाष घई अपने पुराने दिनों को याद कर भावुक हो गए।
उन्होंने कैप्शन में लिखा, ''मेरे फिल्मी सफर में मैंने हमेशा नए कलाकारों को बेहतर बनाने की कोशिश की। मैंने उन लोगों को भी मौका दिया जो अभिनय की दुनिया से जुड़े नहीं थे। मुझे खुशी होती है जब मैं देखता हूं कि मेरे साथ काम करने वाले कलाकार आज भी दर्शकों के दिलों में बसे हुए हैं और अपने करियर के अच्छे दौर में हैं।''
सुभाष घई ने यह भी कहा, ''कुछ कलाकार सफलता के बाद अपनी दुनिया में खो जाते हैं, लेकिन कुछ ऐसे भी होते हैं जो अपनी शुरुआत और उन्हें अवसर देने वालों को नहीं भूलते।''
उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि कुछ लोग आज भी अपने निर्माता और निर्देशक के प्रति वही प्यार और सम्मान रखते हैं जो उन्होंने शुरुआत में दिखाया था।
इसके बाद, सुभाष घई ने जैकी श्रॉफ की तारीफ करते हुए लिखा, '''हीरो' फिल्म से जैकी ने 'मुक्ता आर्ट्स' के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी और आज भी वह करोड़ों लोगों के लिए हीरो बने हुए हैं। मुझे जैकी पर एक अभिनेता और एक इंसान के रूप में गर्व है।''
फिल्म 'हीरो' में जैकी श्रॉफ के साथ मीनाक्षी शेषाद्रि भी थीं। यह फिल्म उस समय की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक मानी जाती है। इस फिल्म का रीमेक तेलुगु, कन्नड़ और 2015 में हिंदी में भी बनाया गया।
.png)