Movie prime

सलमान खान की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनवाई टाली, जानें क्या है मामला?

दिल्ली हाईकोर्ट ने सलमान खान की याचिका पर सुनवाई को टाल दिया है, जिसमें उन्होंने फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की थी। अगली सुनवाई 1 जुलाई को होगी। सलमान का आरोप है कि फिल्म में उनके नाम और छवि का बिना अनुमति उपयोग किया गया है। जानें इस विवाद के पीछे की पूरी कहानी और फिल्म से जुड़ी अन्य जानकारी।
 
सलमान खान की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनवाई टाली, जानें क्या है मामला?

दिल्ली हाईकोर्ट में सलमान खान की याचिका पर सुनवाई टली




नई दिल्ली, 19 जून। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सलमान खान द्वारा फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' की रिलीज पर रोक लगाने के लिए दायर की गई याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को सुनवाई को टाल दिया। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई की तारीख 1 जुलाई निर्धारित की है।


फिल्म के निर्माताओं ने अदालत में कहा कि उन्हें सलमान खान द्वारा दायर की गई याचिका की पूरी कॉपी अभी तक प्राप्त नहीं हुई है, केवल एक आवेदन की कॉपी ही दी गई है। इस पर जस्टिस मधु जैन ने सलमान के वकील को निर्देश दिया कि वे सुनिश्चित करें कि दूसरी पार्टी को याचिका की पूरी कॉपी उपलब्ध कराई जाए।


पिछली सुनवाई में अदालत ने फिल्म के निर्माता अमित जानी और अन्य संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया था और उनसे जवाब मांगा था।


यह विवाद फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' से जुड़ा हुआ है, जो सलमान खान से जुड़े प्रसिद्ध ब्लैकबक शिकार मामले पर आधारित है। सलमान का आरोप है कि इस फिल्म में उनके नाम, छवि और व्यक्तित्व का बिना अनुमति उपयोग किया गया है, जो उनके पर्सनैलिटी राइट्स का उल्लंघन है।


याचिका में कहा गया है कि फिल्म के पोस्टर में ऐसे तत्व शामिल हैं, जो सीधे तौर पर सलमान खान की पहचान से मेल खाते हैं, जिसके कारण फिल्म की रिलीज, प्रमोशन और डिजिटल स्ट्रीमिंग पर रोक लगाई जाए।


सलमान खान ने यह याचिका प्रोड्यूसर अमित जानी, जानी फायरफॉक्स फिल्म्स, निर्देशक भरत श्रीनाटे, अक्षय पांडे और प्रोजेक्ट से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ दायर की थी।


'काला हिरण: बैटल फॉर लिगेसी' के पहले लुक और टीजर में सलमान से प्रेरित किरदार का नाम अयान खान रखा गया है। इस किरदार को अभिनेता काशिफ इकबाल खान निभा रहे हैं, और उनका लुक, चलने का अंदाज और हाव-भाव सलमान से काफी मिलता-जुलता है। काशिफ ने वही ब्रेसलेट पहना है, जो सलमान अक्सर पहनते हैं। इस पर सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।


OTT