समर्थ जुरेल का नया म्यूजिक वीडियो 'सजा': प्यार और दर्द की अनकही कहानी
समर्थ जुरेल का नया म्यूजिक वीडियो 'सजा' लॉन्च
मुंबई, 11 जून। 'अनुपमा' के अभिनेता समर्थ जुरेल अपने नए म्यूजिक वीडियो 'सजा' को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि यह गाना केवल एक संगीत नहीं है, बल्कि उन गहरी भावनाओं की कहानी है, जिन्हें हर व्यक्ति अपने जीवन में कभी न कभी अनुभव करता है। यह प्रोजेक्ट उनके लिए खास है, क्योंकि इसमें प्यार, दर्द, जुनून और टूटे दिल की गहराई से चित्रण किया गया है।
इस म्यूजिक वीडियो का भव्य लॉन्च इवेंट बुधवार को मुंबई के बॉम्बे कॉकटेल बार में आयोजित किया गया। इस अवसर पर वॉटर वेव्स म्यूजिक लेबल का भी औपचारिक उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में मीडिया, फिल्म और संगीत उद्योग के कई प्रमुख लोग शामिल हुए।
वीडियो 'सजा' में समर्थ जुरेल के साथ अभिनेत्री शीतल शर्मा मुख्य भूमिका में हैं। दोनों कलाकारों ने अपनी शानदार केमिस्ट्री और भावनात्मक अभिनय से इस वीडियो को खास बनाने का प्रयास किया है। लॉन्च के दौरान, उन्होंने गाने पर लाइव परफॉर्मेंस भी दी, जिसे दर्शकों ने बहुत सराहा।
समर्थ जुरेल ने कहा कि इस वीडियो की कहानी उन सभी से जुड़ती है, जिन्होंने कभी प्यार में दर्द या जज्बात का अनुभव किया है। उन्होंने शूटिंग के दौरान हर सीन में वास्तविकता लाने की कोशिश की, ताकि दर्शक केवल वीडियो न देखें, बल्कि उसे महसूस भी कर सकें।
अभिनेत्री शीतल शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट के लिए उन्होंने काफी मेहनत की और अपने किरदार को समझने के लिए लंबी तैयारी की। उन्होंने बताया कि हर सीन को सटीक और भावनात्मक बनाने के लिए पूरी टीम ने मिलकर बेहतरीन काम किया है।
शूटिंग के दौरान एक दिलचस्प घटना भी हुई, जब एक भावुक सीन की शूटिंग के दौरान समर्थ जुरेल अपने किरदार में इतने डूब गए कि निर्देशक के 'कट' कहने के बाद भी कुछ समय तक उसी भाव में बने रहे।
इस म्यूजिक वीडियो का निर्देशन दिग्विजय सिंह ने किया है, जबकि मीना शर्मा ने इसका निर्माण किया है। गीत को ज्योति नूरां ने गाया है, संगीत अमन आर्स ने तैयार किया है और बोल अजीम शिराजी ने लिखे हैं। सिनेमैटोग्राफी शानू सिंह राजपूत और कोरियोग्राफी सुषमा सुनाम ने की है, जबकि एडिटिंग का कार्य अजय वर्मा ने संभाला है।
.png)