सनी देओल की नई फिल्म 'सूर्या' का मोशन पोस्टर हुआ रिलीज, जानें कहानी की झलक!
सनी देओल की नई फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक'
मुंबई, 12 अक्टूबर। अभिनेता सनी देओल की नई एक्शन और क्राइम ड्रामा फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' का मोशन पोस्टर सोमवार को जारी किया गया।
सनी देओल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस मोशन पोस्टर को साझा करते हुए लिखा, "वह अतीत और वर्तमान के बीच उलझा हुआ है, और सच्चाई की खोज में है। पेश है कमल मुकुट की 'सूर्या: अंत से आरंभ तक', जो 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में आएगी।"
इस मोशन पोस्टर में सनी देओल का दमदार लुक एक ऐसे किरदार की ओर इशारा करता है, जो अपने अतीत से जूझ रहा है और एक अनसुलझे सच की खोज में है। उनकी गंभीर नजर और अलग अंदाज दर्शकों को एक नई कहानी की ओर ले जाता है। मोशन पोस्टर 'सूर्या' की रोमांचक दुनिया का परिचय देता है, जिसकी टैगलाइन है, "अंत से आरंभ तक।"
फिल्म की कहानी एक ऐसे व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सच को उजागर करने और अनसुलझे सवालों के जवाब खोजने की कोशिश कर रहा है। यह यात्रा शुरुआत में सरल लगती है, लेकिन धीरे-धीरे एक जटिल कहानी में बदल जाती है, जो रहस्य, इमोशन और टकराव से भरी है।
इस फिल्म में सनी देओल का एक नया रूप देखने को मिलेगा, जिसमें उनकी जांच-पड़ताल के साथ-साथ व्यक्तिगत संघर्ष भी शामिल है।
फिल्म का निर्देशन एम. पद्मकुमार ने किया है, और इसमें रवि किशन, जिशु सेनगुप्ता और प्रज्ञा जायसवाल जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। 'सूर्या' को एमएम मूवीज के बैनर तले बनाया गया है, जिसके निर्माता दीपक मुकुट, हेमंत मुकुट और लोकेश मुकुट हैं। फिल्म 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
.png)