सतीश कौशिक: भारतीय सिनेमा के अनमोल सितारे जिनकी यादें आज भी जीवित हैं
सतीश कौशिक का अद्वितीय सफर
मुंबई, 12 अप्रैल। भारतीय फिल्म उद्योग में कुछ कलाकार ऐसे होते हैं, जिनका नाम नहीं, बल्कि उनके निभाए गए किरदार उन्हें अमर बना देते हैं। सतीश कौशिक ऐसे ही एक अभिनेता थे, जिन्होंने हर भूमिका में अपनी छाप छोड़ी। चाहे वह हास्य हो या गंभीरता, उन्होंने हर किरदार को पूरी तरह से जीया।
सतीश कौशिक का जन्म 13 अप्रैल 1956 को हरियाणा के महेंद्रगढ़ में हुआ। बचपन से ही उन्हें फिल्मों और अभिनय में गहरी रुचि थी। पढ़ाई के दौरान उनका झुकाव थिएटर की ओर बढ़ा और उन्होंने दिल्ली के किरोड़ीमल कॉलेज से अपनी शिक्षा पूरी की।
इसके बाद, उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) और फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) से अभिनय की बारीकियों को सीखा। यहीं से उनके सपनों को उड़ान मिली और वह मुंबई चले आए।
अपने करियर की शुरुआत में, उन्होंने फिल्मों में छोटे-छोटे रोल किए और सहायक निर्देशक के रूप में भी काम किया। 1983 में आई फिल्म 'जाने भी दो यारों' में उन्होंने अभिनय के साथ-साथ संवाद लेखन में भी अपनी प्रतिभा दिखाई, लेकिन असली पहचान उन्हें 1987 की फिल्म 'मिस्टर इंडिया' से मिली, जिसमें उन्होंने 'कैलेंडर' का किरदार निभाया। यह किरदार इतना प्रसिद्ध हुआ कि आज भी लोग उन्हें इसी नाम से जानते हैं। कैलेंडर का मासूम और मजेदार अंदाज दर्शकों के दिलों में बस गया और यह उनके करियर का सबसे बड़ा मोड़ साबित हुआ।
इसके बाद, 1989 की फिल्म 'राम लखन' में उन्होंने 'पप्पू पेजर' का किरदार निभाया। इस रोल में उनकी कॉमिक टाइमिंग ने दर्शकों को हंसते-हंसते लोटपोट कर दिया। 1996 की फिल्म 'साजन चले ससुराल' में उन्होंने 'मुथु स्वामी' का किरदार निभाया, जो आज भी कॉमेडी के सबसे यादगार रोल्स में गिना जाता है। उनके एक्सप्रेशन और संवाद अदायगी ने दर्शकों को खूब मनोरंजन प्रदान किया।
1997 में आई फिल्म 'मिस्टर एंड मिसेज खिलाड़ी' में उन्होंने ज्योतिषी मामा का किरदार निभाया, जो काफी मजेदार था। वहीं, 2014 की फिल्म 'देख तमाशा देख' में उन्होंने लीड रोल निभाया और 'मुथासेठ' के किरदार में सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर व्यंग्य किया। यह फिल्म उनके करियर का एक नया पहलू प्रस्तुत करती है।
अपने लंबे करियर में, सतीश कौशिक ने 100 से अधिक फिल्मों में काम किया और 'तेरे नाम' जैसी कई फिल्मों का निर्देशन भी किया। उन्हें दो बार फिल्मफेयर बेस्ट कमीडियन अवॉर्ड से भी नवाजा गया।
9 मार्च 2023 को हार्ट अटैक के कारण उनका निधन हो गया, लेकिन उनके निभाए गए किरदार आज भी जीवित हैं। चाहे 'कैलेंडर', 'पप्पू पेजर' या 'मुथु स्वामी', हर किरदार में उनकी अलग पहचान आज भी लोगों को मुस्कुराने पर मजबूर कर देती है।
.png)