Movie prime

सतीश कौशिक: एक अभिनेता जिसने हर किरदार में छोड़ी अमिट छाप

सतीश कौशिक, भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के एक अद्वितीय अभिनेता, ने अपने करियर में कई यादगार किरदार निभाए। उनका जन्म 13 अप्रैल 1956 को हुआ और उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बनाई। 'मिस्टर इंडिया' में कैलेंडर का किरदार हो या 'राम लखन' में पप्पू पेजर, हर भूमिका में उन्होंने अपनी छाप छोड़ी। 9 मार्च 2023 को उनका निधन हो गया, लेकिन उनके निभाए किरदार आज भी जीवित हैं। इस लेख में जानें उनके करियर की खास बातें और उनकी यादगार भूमिकाएं।
 
सतीश कौशिक: एक अभिनेता जिसने हर किरदार में छोड़ी अमिट छाप

सतीश कौशिक का अद्वितीय अभिनय सफर




मुंबई, 12 अप्रैल। भारतीय सिनेमा में कुछ कलाकार ऐसे होते हैं, जिनकी पहचान उनके निभाए गए किरदारों से होती है, न कि उनके नाम से। सतीश कौशिक ऐसे ही एक अद्वितीय अभिनेता थे, जिन्होंने हर भूमिका में अपनी छाप छोड़ी। चाहे वह कॉमेडी हो या गंभीरता, उन्होंने हर किरदार को पूरी तरह से जीया।


सतीश कौशिक का जन्म 13 अप्रैल 1956 को हरियाणा के महेंद्रगढ़ में हुआ। बचपन से ही उन्हें अभिनय और फिल्मों में गहरी रुचि थी। पढ़ाई के दौरान उनका झुकाव थिएटर की ओर बढ़ा, और उन्होंने दिल्ली के किरोड़ीमल कॉलेज से अपनी शिक्षा पूरी की।


इसके बाद, उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) और फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) से अभिनय की बारीकियों को सीखा। यहीं से उनके सपनों को उड़ान मिली और वह मुंबई चले आए।


अपने करियर की शुरुआत में, उन्होंने फिल्मों में छोटे-छोटे रोल किए और सहायक निर्देशक के रूप में भी काम किया। 1983 में आई फिल्म 'जाने भी दो यारों' में उन्होंने अभिनय के साथ-साथ संवाद लेखन में भी अपनी प्रतिभा दिखाई। लेकिन उन्हें असली पहचान 1987 की फिल्म 'मिस्टर इंडिया' से मिली, जिसमें उन्होंने 'कैलेंडर' का किरदार निभाया। यह किरदार इतना लोकप्रिय हुआ कि आज भी लोग उन्हें इसी नाम से जानते हैं। कैलेंडर का मासूम और मजेदार अंदाज दर्शकों के दिलों में बस गया और यह उनके करियर का सबसे बड़ा मोड़ साबित हुआ।


इसके बाद, 1989 की फिल्म 'राम लखन' में उन्होंने 'पप्पू पेजर' का किरदार निभाया, जिसमें उनकी कॉमिक टाइमिंग ने दर्शकों को लोटपोट कर दिया। 1996 की फिल्म 'साजन चले ससुराल' में उन्होंने 'मुथु स्वामी' का किरदार निभाया, जो आज भी कॉमेडी के सबसे यादगार रोल्स में गिना जाता है। उनके एक्सप्रेशन और संवाद डिलीवरी ने दर्शकों को खूब हंसाया।


1997 में आई फिल्म 'मिस्टर एंड मिसेज खिलाड़ी' में उन्होंने ज्योतिषी मामा का मजेदार किरदार निभाया। वहीं, 2014 की फिल्म 'देख तमाशा देख' में उन्होंने लीड रोल निभाया और 'मुथासेठ' के किरदार में सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर व्यंग्य किया। यह फिल्म उनके करियर का एक अलग पहलू प्रस्तुत करती है।


अपने लंबे करियर में, सतीश कौशिक ने 100 से अधिक फिल्मों में काम किया और 'तेरे नाम' जैसी कई फिल्मों का निर्देशन भी किया। उन्हें दो बार फिल्मफेयर बेस्ट कमीडियन अवॉर्ड भी मिला।


9 मार्च 2023 को हार्ट अटैक के कारण उनका निधन हो गया, लेकिन उनके निभाए गए किरदार आज भी जीवित हैं। चाहे 'कैलेंडर', 'पप्पू पेजर' या 'मुथु स्वामी', हर किरदार में उनकी अलग पहचान आज भी लोगों को मुस्कुराने पर मजबूर कर देती है।


OTT