सई मांजरेकर का नया सफर: 'इंडिया हाउस' में निभाएंगी महत्वपूर्ण भूमिका
सई मांजरेकर की नई फिल्म 'इंडिया हाउस'
मुंबई, 31 मई (वेब वार्ता)। बॉलीवुड की उभरती हुई अभिनेत्री सई मांजरेकर जल्द ही पैन-इंडिया पीरियड ड्रामा फिल्म 'इंडिया हाउस' में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली हैं।
यह फिल्म 1905 के लंदन में स्वतंत्रता संग्राम के समय की वास्तविक घटनाओं पर आधारित है, जिसमें प्रेम और क्रांति की कहानी को बखान किया गया है। फिल्म की शूटिंग हिंदी और तेलुगु दोनों भाषाओं में की गई है।
सई मांजरेकर, जो महेश मांजरेकर की बेटी हैं, धीरे-धीरे फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने बताया कि उनके लिए सफलता का मूल मंत्र अनुशासन, मेहनत और अपने काम के प्रति समर्पण है।
उन्होंने कहा, “मैं हमेशा अपने फिल्मी परिवार की छाया से बाहर निकलकर अपनी अलग पहचान बनाना चाहती थी। मेरे लिए विकास का मतलब है लगातार सीखना, अपने काम में खुद को साबित करना और जमीन से जुड़े रहना।”
सई ने यह भी कहा कि हर किसी की यात्रा में चुनौतियाँ आती हैं, लेकिन दूसरों से तुलना करने के बजाय अपने व्यक्तिगत विकास पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
सई मांजरेकर ने 2019 में फिल्म 'दबंग 3' से बॉलीवुड में कदम रखा, जिसमें उन्होंने 'खुशी चौटाला' का किरदार निभाया था और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
अब वह जल्द ही पीरियड ड्रामा 'इंडिया हाउस' में 'सती' नाम की भूमिका में नजर आएंगी, जिसमें उनका लुक पारंपरिक रूप में प्रस्तुत किया गया है।
.png)