Movie prime

संजय दत्त के 67वें जन्मदिन पर बहन प्रिया का भावुक संदेश: 'आपने माता-पिता की कमी को पूरा किया'

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता संजय दत्त ने अपना 67वां जन्मदिन मनाया, जिसमें उनकी बहन प्रिया दत्त ने एक भावुक पोस्ट साझा किया। प्रिया ने संजय को माता-पिता की कमी को पूरा करने वाला भाई बताया और उनके साथ बिताए पलों को याद किया। इस खास दिन पर संजय के बच्चों ने भी उन्हें प्यार भरे संदेश दिए। जानें इस परिवार की अनमोल यादों के बारे में।
 

संजय दत्त का 67वां जन्मदिन




मुंबई, 29 जुलाई। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता संजय दत्त ने बुधवार को अपना 67वां जन्मदिन मनाया। इस खास अवसर पर उनके परिवार के सभी सदस्यों ने उन्हें दिल से शुभकामनाएं दीं। उनकी बहन प्रिया दत्त का पोस्ट इस मौके पर सबसे ज्यादा चर्चा में रहा, जिसमें उन्होंने संजय को एक ऐसा भाई बताया जो माता-पिता की तरह हमेशा उनके साथ खड़ा रहा।


प्रिया ने इंस्टाग्राम पर एक पुराना वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा कि माता-पिता के निधन के बाद संजय ने परिवार में मां और पिता दोनों की कमी को पूरा किया। उन्होंने बताया कि उस कठिन समय में संजय ही परिवार की सबसे बड़ी ताकत बने।


वीडियो में प्रिया ने कहा, "उन्होंने मां और पिता, दोनों की कमी को बहुत खूबसूरती से पूरा किया। हम सभी छोटी बहनें थीं और भैया ही परिवार में कमाने वाले पहले सदस्य थे। हमें हर साल रक्षाबंधन का बेसब्री से इंतजार रहता था कि इस बार भैया हमें क्या गिफ्ट देंगे।"


प्रिया ने वीडियो के साथ एक भावुक कैप्शन भी लिखा, जिसमें उन्होंने कहा, "कुछ रिश्ते समय के साथ और भी मजबूत हो जाते हैं और हमारा रिश्ता भी ऐसा ही है। जिंदगी हमें जहां भी ले गई, परिवार हमेशा हमारी सबसे बड़ी ताकत रहा। मैं आभारी हूं कि हमने यह सफर हमेशा साथ तय किया।"


उन्होंने आगे लिखा, "ऐसे ही मजबूत, ख्याल रखने वाले और हमेशा खुद के प्रति सच्चे रहने वाले भाई होने के लिए आपका धन्यवाद। मैं कामना करती हूं कि यह साल आपके लिए अच्छा स्वास्थ्य, ढेर सारी खुशियां, नई यादें और ढेर सारा प्यार लेकर आए, जिसके आप हकदार हैं। आपको जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं।"


संजय दत्त के जन्मदिन पर उनके बच्चों ने भी उन्हें खास अंदाज में बधाई दी। उनके जुड़वां बेटे शहरान दत्त, बेटी इकरा दत्त और बड़ी बेटी त्रिशाला दत्त ने सोशल मीडिया पर अपने पिता के लिए प्यार भरे पोस्ट साझा किए।


शाहरान दत्त ने अपने पिता के साथ एक तस्वीर साझा की, जिसमें दोनों वाइट कलर के पारंपरिक कपड़ों में नजर आ रहे हैं। संजय ने अपने लुक को सनग्लासेस के साथ पूरा किया और दोनों मुस्कुराते हुए कैमरे के सामने पोज देते दिखाई दिए।


तस्वीर के साथ शाहरान ने लिखा, "दुनिया के सबसे बेहतरीन पापा को जन्मदिन की शुभकामनाएं। हर समय मेरा साथ देने, मेरा हौसला बढ़ाने और हर दिन मुझे प्रेरित करने के लिए आपका धन्यवाद। मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य, ढेर सारी खुशियों और आने वाले कई शानदार वर्षों की कामना करता हूं। हमेशा आपसे प्यार करता हूं।"


बेटे की इस पोस्ट पर संजय दत्त ने भी प्यार भरा जवाब दिया। उन्होंने लिखा, "आई लव यू और मैं हमेशा तुम्हारे साथ खड़ा रहूंगा, बेटे।"


गौरतलब है कि संजय दत्त ने 2008 में अभिनेत्री मान्यता दत्त से विवाह किया था। अक्टूबर 2010 में दोनों जुड़वां बच्चों, बेटे शाहरान और बेटी इकरा के माता-पिता बने। मान्यता से विवाह से पहले संजय दत्त की शादी अभिनेत्री ऋचा शर्मा से हुई थी, जिनसे उनकी एक बेटी त्रिशाला दत्त हैं। ऋचा शर्मा का निधन 1996 में लंबे समय तक ब्रेन ट्यूमर से जूझने के बाद हुआ था।


OTT