श्रेय घोषाल का नया भजन 'सिद्धा भजो': पिता की यादों को ताजा करने वाला एक भावुक सफर
श्रेय घोषाल का नया भजन 'सिद्धा भजो'
मुंबई, 1 जून। अपनी मधुर आवाज से लाखों लोगों के दिलों में जगह बनाने वाली श्रेया घोषाल एक बार फिर अपने नए संगीत प्रोजेक्ट के लिए चर्चा में हैं। हाल ही में उनका भजन 'सिद्धा भजो' रिलीज हुआ है, जो तेजी से लोगों के बीच लोकप्रिय हो रहा है। श्रेया ने बताया कि यह भजन उनके दिल के बेहद करीब है, क्योंकि यह उनके पिता के पसंदीदा भजनों में से एक है।
भजन के साथ अपने गहरे संबंध के बारे में बात करते हुए श्रेया ने कहा, 'सिद्धा भजो' एक ऐसा भजन है जिसमें आध्यात्मिकता और सरलता का अद्भुत मेल है। यह भजन हमें अपने भीतर झांकने का संदेश देता है। जब मैं इसकी रिकॉर्डिंग कर रही थी, तब मुझे एक अद्वितीय शांति का अनुभव हुआ।
उन्होंने आगे कहा, 'आज की तेज रफ्तार जिंदगी में लोग अक्सर खुद से दूर हो जाते हैं। हर कोई भागदौड़ और जिम्मेदारियों में उलझा रहता है। ऐसे में यह भजन लोगों को कुछ पल रुककर अपने बारे में सोचने और अपनी आंतरिक आवाज सुनने के लिए प्रेरित करता है। मुझे उम्मीद है कि जिस तरह इस भजन ने मुझे शांति दी, उसी तरह इसे सुनने वाले लोगों को भी सुकून मिलेगा।'
अपने पिता के बारे में बात करते हुए श्रेया ने कहा, 'सिद्धा भजो मेरे पिता का सबसे प्रिय भजन रहा है। मैंने बचपन से इस भजन को अपने घर में सुना है और इसके आध्यात्मिक संदेश को महसूस किया है। जब मुझे इसे गाने का अवसर मिला, तो मेरे मन में अपने पिता की कई यादें ताजा हो गईं। मेरे पिता ने हमेशा हमें आध्यात्मिकता, शांति और सकारात्मक सोच का महत्व समझाया। इसलिए जब मैंने इस भजन को रिकॉर्ड किया, तो मैं केवल एक गायिका नहीं थी, बल्कि एक बेटी भी थी, जो अपने पिता की पसंद और उनकी सोच को अपनी आवाज के माध्यम से दुनिया तक पहुंचाने की कोशिश कर रही थी।'
.png)