श्रद्धा कपूर की फिल्म 'ईठा' का ट्रेलर: डायलॉग्स में छिपा है संघर्ष और आत्मसम्मान!
फिल्म 'ईठा' का ट्रेलर हुआ रिलीज
मुंबई, 31 अक्टूबर (वेब वार्ता)। श्रद्धा कपूर की नई फिल्म ‘ईठा’ का ट्रेलर हाल ही में लॉन्च हुआ है, जिसमें उनके प्रभावशाली संवादों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया है। विठाबाई के संघर्ष, आत्म-सम्मान और लावणी के प्रति उनके जुनून की झलक इन संवादों में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
इस ट्रेलर के आने के साथ ही फिल्म के प्रति दर्शकों की उत्सुकता में इजाफा हुआ है। श्रद्धा कपूर इस बार एक नए और शक्तिशाली अवतार में नजर आ रही हैं। फिल्म की कहानी महान लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित है। ट्रेलर में उनके संघर्ष, आत्म-सम्मान, टूटे विश्वास और कला के प्रति जुनून को बखूबी दर्शाया गया है।
ट्रेलर की शुरुआत एक भावुक संवाद से होती है, जिसमें श्रद्धा कहती हैं, ‘तुमने ही कहा था देखते हैं क्या टूटता है? मेरा भरोसा या मेरा घमंड... मेरा भरोसा ही मेरा घमंड था, जब वो टूट गया ना सब टूट गया।’ यह संवाद उनके किरदार के दर्द और जीवन में मिले धोखे को बयां करता है। श्रद्धा के चेहरे के हावभाव इस दृश्य को और भी प्रभावशाली बनाते हैं।
आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला एक और संवाद है, ‘एक बार उतना ही भरोसा अपने आप पर कर, तुझसे नाच के मुकाबले में तकदीर भी नहीं जीत सकती है।’ यह संवाद विठाबाई के आत्मविश्वास और उनकी कला के प्रति समर्पण को दर्शाता है। इसके अलावा, श्रद्धा कहती हैं, ‘तू ही कहती थी न पड़े-पड़े मरी, तो बेचारी कहलाऊंगी, पर नाचते हुए मरी तो मिसाल बन जाऊंगी।’ यह संवाद उनके जुनून और संघर्ष की कहानी को बयां करता है।
फिल्म का एक महत्वपूर्ण संवाद नववारी साड़ी से संबंधित है। श्रद्धा कहती हैं, ‘नववारी कहते हैं इसे, क्या नववारी। ये सिर्फ कपड़ा नहीं अभिमान है, जिसे पहनने मिले वो भाग्यवान है। ये मराठी साड़ी का सम्मान है और मराठी मां की पहचान है ये।’ इस संवाद के माध्यम से फिल्म में मराठी संस्कृति और परंपरा के प्रति सम्मान को दर्शाया गया है।
फिल्म ‘ईठा’ का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है और इसे दिनेश विजन के मैडॉक फिल्म्स बैनर के तहत प्रोड्यूस किया गया है। इस फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, सिद्धार्थ जाधव, इश्तियाक खान और अनंत जोशी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
.png)