श्याम बेनेगल की पुण्यतिथि: जैकी श्रॉफ ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
श्याम बेनेगल को याद करते हुए
मुंबई, 23 दिसंबर। भारतीय सिनेमा के प्रतिष्ठित निर्देशक और पटकथा लेखक श्याम बेनेगल की पुण्यतिथि आज है। इस अवसर पर अभिनेता जैकी श्रॉफ ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
जैकी ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर श्याम बेनेगल की एक तस्वीर साझा की और लिखा, "आज हम श्याम बेनेगल को उनकी पुण्यतिथि पर याद कर रहे हैं।"
जैकी श्रॉफ अक्सर पुरानी हस्तियों को याद करते हैं और अपने सोशल मीडिया पर उनके बारे में पोस्ट साझा करते रहते हैं।
श्याम बेनेगल ने भारतीय सिनेमा को कई महान कलाकार दिए, जिनमें नसीरुद्दीन शाह, ओम पुरी, अमरीश पुरी, अनंत नाग, शबाना आजमी, और स्मिता पाटिल जैसे दिग्गज शामिल हैं।
उन्होंने जवाहरलाल नेहरू और सत्यजीत रे पर डॉक्यूमेंट्री बनाई और दूरदर्शन के लिए धारावाहिक 'यात्रा,' 'कथा सागर,' और 'भारत एक खोज' का निर्देशन किया।
श्याम बेनेगल एक दक्षिण भारतीय ब्राह्मण परिवार से थे। फिल्मों के प्रति उनके जुनून ने उन्हें 12 साल की उम्र में अपने पिता के कैमरे से पहली छोटी फिल्म बनाने के लिए प्रेरित किया। पढ़ाई के बाद, उन्होंने विज्ञापन क्षेत्र में कदम रखा और सैकड़ों डॉक्यूमेंट्री बनाई, लेकिन 1970 के दशक में फीचर फिल्मों से उन्हें असली पहचान मिली।
उन्होंने 'जुबैदा', 'द मेकिंग ऑफ द महात्मा', 'नेताजी सुभाष चंद्र बोसः द फॉरगॉटेन हीरो', 'मंडी', 'आरोहन', और 'वेलकम टु सज्जनपुर' जैसी कई उत्कृष्ट फिल्मों का निर्देशन किया। उनके योगदान के लिए उन्हें कई पुरस्कार मिले, जिनमें पद्मश्री, पद्म भूषण और कई राष्ट्रीय पुरस्कार शामिल हैं। 2005 में उन्हें भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च सम्मान दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड भी मिला।
बेनेगल लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और 23 दिसंबर 2024 को 90 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया।
.png)