शहीद दिवस: भारतीय वीरों की शौर्य गाथा को याद करते हुए सेलिब्रिटीज ने दी श्रद्धांजलि
शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि
मुंबई, 23 मार्च। भारतीय इतिहास वीरता, बलिदान और त्याग की अनगिनत कहानियों से भरा हुआ है। ऐसे ही वीरों की याद में हम हर साल 'शहीद दिवस' मनाते हैं। यह दिन हमें भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के अद्वितीय बलिदान की याद दिलाता है। इन महान आत्माओं ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की स्वतंत्रता के लिए अमूल्य योगदान दिया।
इस विशेष अवसर पर कई मशहूर हस्तियों ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शहीदों को याद किया और उनके बलिदान को नमन किया। अभिनेता जैकी श्रॉफ ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की छवियां थीं। उन्होंने लिखा, "शहीद दिवस पर हम वीर सपूतों को याद करते हैं।"
इसी तरह, प्रसिद्ध गीतकार मनोज मुंतशिर ने भी इंस्टाग्राम पर शहीदों की शहादत को समर्पित एक पंक्ति साझा की। उन्होंने तिरंगे की गरिमा और शहीदों के बलिदान को बखूबी व्यक्त किया। उनके शब्द थे, "जिसके लिए सरदार हमारा झूल गया था फंदे पर, धूल नहीं लगने दी हमने उस बेदाग तिरंगे पर।"
पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भी इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "प्रणाम शाहिदा नू कोटि कोटि प्रणाम।"
23 मार्च 1931 को, भारत के तीन महान युवा क्रांतिकारी भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को अंग्रेजों ने निर्धारित समय से पहले ही फांसी दे दी थी। इन तीनों ने ब्रिटिश राज के खिलाफ अपनी जान कुर्बान कर दी, ताकि हम आजादी की सांस ले सकें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 'शहीद दिवस' पर महान क्रांतिकारी अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के लिए उनका बलिदान हमारी सामूहिक स्मृति में सदैव अंकित रहेगा।
.png)