विद्युत जामवाल का हॉलीवुड डेब्यू: 'स्ट्रीट फाइटर' का ट्रेलर हुआ रिलीज!
विद्युत जामवाल की नई फिल्म का ट्रेलर
मुंबई, 03 सितंबर (वेब वार्ता)। बॉलीवुड और साउथ सिनेमा में अपने बेहतरीन एक्शन और अभिनय के लिए मशहूर अभिनेता विद्युत जामवाल अब हॉलीवुड में कदम रखने के लिए तैयार हैं। उनकी पहली फिल्म 'स्ट्रीट फाइटर' का फाइनल ट्रेलर हाल ही में जारी किया गया है। पैरामाउंट पिक्चर्स इंडिया द्वारा जारी इस ट्रेलर में शानदार एक्शन और मार्शल आर्ट्स की झलक देखने को मिलती है। फिल्म का पहला ट्रेलर अप्रैल में पेश किया गया था। इस फिल्म का निर्देशन किताओ सकुराई ने किया है, जिसमें नोआ सेंटिनियो, जेसन मोमोआ, रोमन रेंज और एंड्रयू कोजी जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
कैपकॉम के प्रसिद्ध वीडियो गेम पर आधारित 'स्ट्रीट फाइटर' की कहानी 1993 के समय में सेट की गई है। विद्युत जामवाल इस फिल्म में योग गुरु 'धल्सिम' का किरदार निभाते नजर आएंगे। कहानी दो बिछड़े हुए मार्शल आर्ट्स दोस्तों रयू और केन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी भूमिकाएं एंड्रयू कोजी और नोआ सेंटिनियो ने निभाई हैं। दोनों को एक खतरनाक वर्ल्ड वॉरियर टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए तैयार किया जाता है, जहां उनका सामना दुनिया के सबसे बेहतरीन और खतरनाक फाइटर्स से होता है।
ट्रेलर में विद्युत जामवाल का किरदार एक खास अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। इसके अलावा, फिल्म में जेसन मोमोआ और रोमन रेंज जैसे कलाकार भी शानदार एक्शन करते हुए दिखाई देंगे। ट्रेलर में मार्शल आर्ट्स, खतरनाक मुकाबलों और बड़े पैमाने पर फिल्माए गए एक्शन सीक्वेंस की झलक दर्शकों का ध्यान आकर्षित करती है। विद्युत के हॉलीवुड डेब्यू को लेकर उनके प्रशंसकों में काफी उत्साह है। 'स्ट्रीट फाइटर' 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
.png)